बांका में 9 अगस्त तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज, बारिश-ठनका का येलो अलर्ट, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
Banka Weather Update : बांका जिले में 9 अगस्त तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, साथ ही हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
Banka Weather Update : बांका जिले में 9 अगस्त तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार जिले के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और गरज-चमक के साथ 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. इसे देखते हुए जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
उमस से मिलेगी राहत, तापमान में बड़ा बदलाव नहीं
बारिश और बादलों के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं 9 अगस्त तक अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
धान की रोपनी जल्द पूरी करें किसान
कृषि विशेषज्ञों ने धान की खेती करने वाले किसानों को समय पर रोपनी पूरी करने की सलाह दी है. उनका कहना है कि अगस्त के प्रथम सप्ताह में रोपाई पूरी कर लेना सबसे उपयुक्त रहेगा. यदि रोपाई में अधिक देरी होती है तो धान की उपज में 15 से 20 प्रतिशत तक कमी आ सकती है. जिन किसानों की रोपाई अभी बाकी है, वे 18 से 25 दिन पुरानी स्वस्थ नर्सरी के पौधों का उपयोग करें और निर्धारित दूरी पर रोपाई करें. आवश्यकता अनुसार सामान्य से अधिक स्वस्थ पौधे लगाने की भी सलाह दी गई है.
खराब मौसम में बरतें सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े न रहें. किसानों से भी कहा गया है कि खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचें और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही कृषि कार्य करें. सतर्कता बरतकर जान-माल के नुकसान से बचा जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुभाष वैद्य
सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










