बांका में घूम रही महिला ठग : पहले लौटाये दोगुना बर्तन, फिर लेकर भागी सोना-चांदी

Updated:
विज्ञापन

ठगी की शिकार महिलाएं कथित ठग महिला की तस्वीर दिखाते हुए घटना की जानकारी देतीं.

Banka Jewellery Fraud Scam: रजौन प्रखंड के कठौन गांव में दोगुना बर्तन, नकद राशि, फ्रिज और सोने-चांदी के आभूषण देने का झांसा देकर एक शातिर महिला दर्जनों महिलाओं से लाखों रुपये मूल्य के सामान लेकर फरार हो गई. पहले भरोसा जीतने के लिए दोगुना बर्तन लौटाने वाली महिला ने बाद में बड़ा खेल कर गांव की महिलाओं को ठगी का शिकार बना दिया. घटना के बाद पीड़ित महिलाओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन

रजौन (बांका) से पीयूष कुमार की रिपोर्ट:

Banka Jewellery Fraud Scam: रजौन प्रखंड क्षेत्र के भवानीपुर कठौन पंचायत अंतर्गत कठौन गांव में महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक शातिर महिला ने पहले गांव की महिलाओं का विश्वास जीता और फिर बर्तन, नकद राशि, फ्रिज तथा सोने-चांदी के आभूषण दोगुना करने का झांसा देकर दर्जनों महिलाओं को ठगी का शिकार बना लिया. घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है.

भरोसा जीतकर बिछाया ठगी का जाल

ग्रामीणों के अनुसार एक अज्ञात महिला दलित टोला में पहुंची और पुराने एल्युमिनियम के बर्तनों के बदले दोगुना नए बर्तन देने की बात कही. शुरुआत में उसने कुछ परिवारों से लिए गए बर्तनों के बदले अगले दिन दोगुना बर्तन लौटाकर दिए. इससे गांव की महिलाओं का उस पर भरोसा बढ़ गया.

दोगुना सामान और नकद राशि का दिया लालच

विश्वास कायम होने के बाद महिला ने अपना जाल और बड़ा कर दिया. उसने दावा किया कि पुराने कांसे के बर्तनों के बदले दोगुना बर्तन सेट, 50 हजार रुपये नकद और एक फ्रिज दिया जाएगा. इसके साथ ही सोने-चांदी के आभूषणों को भी दोगुना कर लौटाने का भरोसा दिलाया.

महिला की बातों में आकर दर्जनों महिलाओं ने अपने घरों से कांसे के कीमती बर्तन और सोने-चांदी के आभूषण उसे सौंप दिए. सामान लेने के बाद महिला ने अगले दिन सबकुछ वापस करने का वादा किया.

किसी को जानकारी नहीं देने की दी हिदायत

ठग महिला ने महिलाओं से कहा कि उसके आने तक इस पूरे मामले की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को न दें. उसने दावा किया कि ऐसा करने पर योजना सफल नहीं होगी और सामान वापस नहीं मिलेगा. इसी कारण कई महिलाओं ने यह बात अपने परिवार के अन्य सदस्यों तक से छिपाकर रखी.

अगले दिन नहीं लौटी महिला, तब खुला राज

जब अगले दिन महिला गांव नहीं पहुंची तो महिलाओं को संदेह हुआ. काफी खोजबीन और इंतजार के बाद उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो चुकी हैं. पीड़ित परिवारों का कहना है कि महिला लाखों रुपये मूल्य के बर्तन और आभूषण लेकर फरार हो गई है.

पुलिस में शिकायत, जांच शुरू

मामले को लेकर पीड़ित महिलाओं ने रजौन थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है.

बढ़ रही हैं ठगी की घटनाएं

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. लालच और झूठे वादों के कारण लोग अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं. गांव-गांव घूमकर सक्रिय ऐसे गिरोह भोले-भाले लोगों को निशाना बना रहे हैं.

रजौन थानाध्यक्ष राज रतन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लालच भरे प्रस्ताव की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि पुलिस ठग महिला की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन