औरंगाबाद में टीबी मरीजों को मिला पोषण का संबल, ओबरा सीएचसी में 20 लाभार्थियों के बीच निःक्षय पोषण किट का वितरण

टीवी मरीजों को निःशुल्क पोषण योजना के तहत उपलब्ध कराया गया किट
ओबरा सीएचसी में टीबी से पीड़ित 20 मरीजों को निःक्षय पोषण किट का वितरण किया गया. इसका उद्देश्य मरीजों को बेहतर पोषण देकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में मदद करना है. अधिकारियों ने नियमित इलाज और संतुलित पोषण के महत्व पर जोर दिया.
औरंगाबाद जिले के ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में निःक्षय पोषण योजना के तहत टीबी (क्षय रोग) से पीड़ित 20 मरीजों के बीच निःक्षय पोषण किट का वितरण किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना और समाज में क्षय रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था.
अधिकारियों ने नियमित इलाज और संतुलित पोषण पर दिया जोर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विक्रम सिंह मौजूद रहे. उनके साथ प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक विकास शंकर, प्रखंड प्रमुख शकुंतला देवी, प्रखंड उप प्रमुख मनीष कुमार तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को निःक्षय पोषण किट प्रदान की. अधिकारियों ने कहा कि टीबी पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है और समय पर जांच, नियमित दवा तथा संतुलित पोषण से मरीज जल्द स्वस्थ हो सकते हैं.
टीबी के लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच
बीडीओ मनोज कुमार ने मरीजों से चिकित्सकों की सलाह के अनुसार दवाओं का पूरा कोर्स करने और पोषण संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की. उन्होंने आम लोगों से भी आग्रह किया कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए जांच कराएं, ताकि समय रहते उपचार शुरू हो सके.
टीबी उन्मूलन अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम का संचालन वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक अर्जुन प्रसाद ने किया. उन्होंने बताया कि सरकार की निःक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उपचार के साथ उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो सके. इस अवसर पर प्रखंड लेखा प्रबंधक अखिलेश कुमार, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक प्रकाश कुमार, फार्मासिस्ट मुकेश कुमार, चिकित्सा सहायक संतोष कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे. सभी ने टीबी उन्मूलन अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










