औरंगाबाद: पोषण की ताकत से टीबी पर प्रहार, मरीजों को मिली न्यूट्रिशन किट

Updated:
विज्ञापन
कीट वितरण करते कर्मी  | Prabhat Khabar Network

कीट वितरण करते कर्मी | Prabhat Khabar Network

औरंगाबाद जिला प्रशासन ने टीबी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है. प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सभी प्रखंडों में न्यूट्रिशन किट का वितरण किया गया. इसका उद्देश्य उपचार के साथ पोषण को समान महत्व देना है.

विज्ञापन

Aurangabad News: टीबी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की दिशा में औरंगाबाद जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है. प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में टीबी मरीजों के बीच न्यूट्रिशन किट का वितरण किया गया. प्रत्येक प्रखंड में 20-20 मरीजों को पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराते हुए उपचार के साथ पोषण को भी समान महत्व देने का संदेश दिया गया.

डीएम के नेतृत्व में अभियान, प्रत्येक प्रखंड में बांटी गई न्यूट्रिशन किट

जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत प्रत्येक प्रखंड में 20-20 न्यूट्रिशन किट वितरित कर मरीजों को उपचार अवधि के दौरान आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया. अधिकारियों ने बताया कि टीबी के सफल उपचार में दवाओं के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की भी अहम भूमिका होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए किट में प्रोटीन युक्त सोया चंक्स, मूंगफली, आटा एवं खाद्य तेल शामिल किया गया है, ताकि मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ सके.

टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की पहल

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य देश को टीबी मुक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करना है. इसके लिए मरीजों की समय पर पहचान, नियमित इलाज, पोषण सहायता तथा जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है. जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया है कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए अधिक से अधिक मरीजों तक इस योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें.

लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच: स्वास्थ्य विभाग

स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन कम होना या रात में अत्यधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो वे निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जाकर निःशुल्क टीबी जांच अवश्य कराएं. समय पर जांच और नियमित इलाज से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है.


विज्ञापन
Sudhir Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Sudhir Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन