औरंगाबाद : गोह में सन्नी कुमार हत्याकांड का खुलासा, कॉलेज में एडमिशन को लेकर हुए विवाद में पत्नी ने की थी हत्या

Updated:
विज्ञापन
गिरफ्तार हत्यारीन पत्नी | Prabhat Khabar Network

गिरफ्तार आरोपी पत्नी | Prabhat Khabar Network

गोह में 21 वर्षीय सन्नी कुमार की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। पत्नी पल्लवी ने मामूली विवाद में पति की जान ली, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

विज्ञापन

औरंगाबाद के गोह थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई 21 वर्षीय युवक सन्नी कुमार की संदिग्ध मौत की गुत्थी को पुलिस ने आखिरकार सुलझा लिया है. पुलिसिया जांच में जो सच सामने आया, उसने परिजनों समेत पूरे इलाके को हैरान कर दिया है.

जिस पति की लंबी उम्र के लिए पत्नी दुआएं मांगती थी, उसी पत्नी ने मामूली विवाद में अपने पति की जीवन लीला समाप्त कर दी.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

क्या था पूरा मामला और पत्नी की चालबाजी ?

यह घटना बीते पांच जुलाई की है, जब गोह निवासी मनोज महतो के 21 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. घटना के बाद आरोपित पत्नी पल्लवी कुमारी ने परिजनों और पुलिस से सच छिपाने के लिए एक मनगढ़ंत कहानी रची थी.

पल्लवी ने सभी को गुमराह करते हुए बताया कि सन्नी रात में अचानक बिस्तर से नीचे गिर गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इतना ही नहीं, मामले को भटकाने और खुद को बेकसूर साबित करने के लिए पल्लवी ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी.

गले के निशान और कड़ाई से पूछताछ में खुला राज

शुरुआत में मामला एक हादसे जैसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन जब पुलिस ने मृतक के शव का मुआयना किया, तो सन्नी के गले पर संदिग्ध गहरे निशान मिले. इन निशानों ने पूरे मामले का रुख मोड़ दिया और पुलिस को हत्या की आशंका हुई. गोह थानाध्यक्ष राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने बिना देर किए मामले की बारीकी से तफ्तीश शुरू की.

संदेह के आधार पर जब पुलिस ने आरोपित पत्नी पल्लवी कुमारी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो वह अपनी गढ़ी हुई कहानी पर ज्यादा देर टिक नहीं सकी और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

पूछताछ में पल्लवी ने बताया कि घटना वाले दिन कॉलेज में एडमिशन की बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक शुरू हुई थी. देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पल्लवी ने सन्नी के गले में पहनी हुई ताबीज वाली रस्सी को मजबूती से पकड़ लिया और फिर अचानक झटका देकर छोड़ दिया.

रस्सी छूटते ही सन्नी अपना संतुलन खो बैठा और उसका सिर जोर से दीवार से जा टकराया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा.

आनन-फानन में उसे रात में ही अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पल्लवी का दावा है कि उसका इरादा सीधे तौर पर हत्या करने का नहीं था, बल्कि यह सब गुस्से में हुआ.

नोकझोंक का वीडियो आया सामने और मात्र 5 महीने में उजड़ा संसार

इस पूरे मामले में एक और नया मोड़ तब आया, जब पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी और नोकझोंक का एक वीडियो भी सामने आ गया. इस वीडियो में दोनों के बीच हो रहे विवाद को साफ देखा जा सकता है, जो पुलिस जांच में एक बेहद अहम सबूत साबित हुआ.

गौरतलब है कि मृतक सन्नी कुमार की शादी इसी वर्ष 24 फरवरी को ओबरा/हसपुरा थाना क्षेत्र के कंचनपुर निवासी उमेश महतो की पुत्री पल्लवी कुमारी के साथ धूमधाम से हुई थी. दोनों की गृहस्थी शुरू हुए अभी महज 5 महीने ही बीते थे कि इस दर्दनाक घटना ने दोनों परिवारों की खुशियां पूरी तरह उजाड़ कर रख दीं.

गोह थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पत्नी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है.

Also Read : गया जी : विष्णुपद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत, पितृपक्ष मेले से पहले BSAP को सौंपी गई जिम्मेदारी


विज्ञापन
Manikant Pandey

लेखक के बारे में

By Manikant Pandey

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन