दो नहरों के बीच बसे सूही गांव में सिंचाई संकट, धान रोपाई प्रभावित होने से किसानों की बढ़ी चिंता

Updated:
विज्ञापन

विधायक एवं जल संसाधन विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के समक्ष सिंचाई संकट की समस्या रखते सूही गांव के किसान

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Aurangabad News : औरंगाबाद के सूही गांव में दो नहरें गुजरने के बावजूद किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं। धान की रोपाई प्रभावित होने पर किसानों ने विधायक से लगाई गुहार।

विज्ञापन

Aurangabad News : प्रखंड क्षेत्र के सूही गांव के बधार में दो-दो नहरें गुजरने के बावजूद किसान सिंचाई संकट से जूझ रहे हैं. स्थिति यह है कि धान रोपाई का समय अंतिम चरण में पहुंच चुका है, लेकिन नहर के किनारे का बड़ा भूभाग अब भी परती पड़ा है. किसानों का कहना है कि गांव के पूर्व से महुअरी उप-वितरणी और पश्चिम से बरिऑवा माइनर गुजरती है. नहर निर्माण के दौरान किसानों की कृषि भूमि अधिग्रहित की गई थी, लेकिन आज तक प्रभावी सिंचाई व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी.

विज्ञापन

एक ह्यूम पाइप के भरोसे 1100 हेक्टेयर क्षेत्र

किसानों ने बताया कि लगभग सात किलोमीटर परिधि वाले इस गांव का रकबा 1100 हेक्टेयर से अधिक है, जबकि सिंचाई के लिए केवल एक ह्यूम पाइप लगाया गया है. ऐसे में सिंचाई संकट होना स्वाभाविक है. इसी समस्या को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में किसानों ने कुटुंबा विधायक ललन राम और जल संसाधन विभाग, अंबा के कार्यपालक अभियंता विवेक कुमार से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं.

फॉल क्षतिग्रस्त होने से बढ़ी परेशानी

किसानों ने बताया कि नहर निर्माण के दौरान सूही फॉल के समीप एक ह्यूम पाइप लगाकर सिंचाई की व्यवस्था की गई थी. कुछ दिन पहले नीचे के क्षेत्र के किसानों द्वारा कथित रूप से रात में फॉल की दीवार क्षतिग्रस्त कर दी गई, जिससे नहर का पानी नीचे की ओर बहने लगा. इसके कारण ह्यूम पाइप की उपयोगिता समाप्त हो गई और सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई.

दो किलोमीटर तक खेत पड़े हैं परती

किसानों का कहना है कि इस बार गांव के बधार में लगभग दो किलोमीटर तक खेत परती पड़े हैं. समय पर पानी नहीं मिलने के कारण धान की रोपाई नहीं हो सकी है, जिससे किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है.

विधायक और अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

किसानों ने विधायक और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की. इस दौरान मुखिया मंजीत कुमार यादव, पंचायत समिति सदस्य गोपाल सिंह, वार्ड सदस्य विनय सिंह, किसान संघर्ष समिति के प्रखंड अध्यक्ष अजीत कुमार, रमेश मेहता, मंदीप यादव और अभिषेक सिंह सहित सैकड़ों किसानों के संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन विधायक की उपस्थिति में कार्यपालक अभियंता को सौंपा गया. मौके पर विधायक प्रतिनिधि सौरभ पाठक, राधेकृष्ण पांडेय, अनुज सिंह, पैक्स अध्यक्ष प्रत्याशी उमेश यादव, मंटू मेहता, ललन मेहता, मिथिलेश ठाकुर, धनंजय मेहता, जितेंद्र पासवान, श्रीनारायण मेहता, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे.

खरीफ सीजन के बाद होगा जीर्णोद्धार: कार्यपालक अभियंता

कार्यपालक अभियंता विवेक कुमार ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि खरीफ सीजन समाप्त होने के बाद संबंधित नहर का जीर्णोद्धार कराया जाएगा. फिलहाल विभागीय टीम क्षेत्र का निरीक्षण कर अस्थायी समाधान निकालेगी, ताकि किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सके.

'किसानों की समस्या का हरसंभव समाधान होगा'

कुटुंबा विधायक ललन राम ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसानों की समस्या उनकी अपनी समस्या है. उन्होंने कहा, "समस्या आपकी है, उसका समाधान कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा." साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों को किसानों की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

Also Read : शेरघाटी में किशोर की पीट-पीटकर हत्या के बाद तनाव, डीएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस



आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन