औरंगाबाद में मजदूर संघ का कार्यक्रम, 8 घंटे की कार्य अवधि से लेकर सरकारी योजनाओं पर हुई चर्चा
मंच पर बैठे अतिथि कार्यक्रम में शामिल लोग
औरंगाबाद में भारतीय मजदूर संघ के कार्यक्रम में मजदूरों के अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई. प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने संगठन के प्रयासों पर प्रकाश डाला.
औरंगाबाद में भारतीय मजदूर संघ के बिहार प्रदेश भवन एवं पथ निर्माण मजदूर संघ की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम कलेक्ट्रेट के समीप स्थित श्रीकृष्ण स्मारक परिसर में हुआ. इसकी अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने की. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार सिंह शामिल हुए. इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह समेत संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद रहे.
मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष की बात
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने कहा कि संगठन लंबे समय से मजदूरों के हित और अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहा है. उन्होंने कहा कि संघ के आंदोलन के कारण मजदूरों के लिए आठ घंटे की कार्य अवधि निर्धारित कराने में सफलता मिली. उन्होंने बताया कि पहले मजदूरों से 12 से 14 घंटे तक काम लिया जाता था.
विजय कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मजदूरों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलायी जा रही हैं. इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए मजदूरों का निबंधन जरूरी है. उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक मजदूरों का निबंधन कराने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में काम करने की अपील की.
स्थानीय मजदूरों को रोजगार और उचित मजदूरी पर जोर
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ की स्थापना 1955 में हुई थी. उन्होंने संघ के मूल मंत्र "राष्ट्रहित में पूरा काम और काम का पूरा दाम" का उल्लेख करते हुए मजदूरों के हित में काम करने की बात कही.

उन्होंने कहा कि जिले में श्री सीमेंट और एनटीपीसी जैसी बड़ी कंपनियां कार्यरत हैं. ऐसे में स्थानीय मजदूरों को रोजगार के साथ उचित मजदूरी मिले, इसके लिए संगठन को प्रयास करना चाहिए.
निबंधित मजदूरों को मिल रहा योजनाओं का लाभ
जिला पार्षद सह जिला महामंत्री हरिरामजी ने कहा कि निबंधित मजदूरों को सरकार की ओर से अलग-अलग योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है. इनमें साइकिल योजना और कन्या विवाह योजना सहित कई योजनाएं शामिल हैं. उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मजदूरों का निबंधन कराया जाना आवश्यक है.
उन्होंने मजदूरों से कार्यस्थल पर सुरक्षा को प्राथमिकता देने की भी अपील की. कहा कि सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी को किया याद
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के योगदान को भी याद किया. इस मौके पर संघ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष राकेश कुमार देवता, अयोध्या सिंह, जिला मंत्री अभय कुमार चंद्रवंशी, अविनाश कुमार मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए