औरंगाबाद : दाउदनगर कॉलेज में छात्रों से सीधे संवाद करने पहुंचे अधिकारी, ऑनलाइन ठगी और फर्जी लिंक से बचने के बताए तरीके
साइबर क्राइम की सांकेतिक तस्वीर
औरंगाबाद जिले के दाउदनगर कॉलेज में विद्यार्थी सहयोग शिविर में अधिकारियों ने छात्रों की समस्याएं सुनीं. साइबर सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और ऑनलाइन सेवाओं पर विस्तृत चर्चा हुई.
औरंगाबाद के दाउदनगर महाविद्यालय में बिहार सरकार की पहल के अंतर्गत विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान, सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं, ऑनलाइन सेवाओं, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
बताया गया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनना, उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देना तथा उन्हें सरकारी सुविधाओं और डिजिटल सेवाओं के प्रति पूरी तरह जागरूक करना था.
प्रधानाचार्य ने शिविर को बताया सीधे संवाद का सशक्त माध्यम
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. एम. शमशुल इस्लाम के स्वागत संबोधन से हुई. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर विद्यार्थियों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है.
उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी समस्याओं को खुलकर रखने तथा सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं ऑनलाइन पोर्टल का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया. उन्होंने शिविर को विद्यार्थियों, महाविद्यालय और प्रशासन के बीच सीधे संवाद की एक अत्यंत सार्थक पहल बताया.
एसडीओ ने सुनीं छात्रों की समस्याएं, दिए समाधान के सुझाव
दाउदनगर के अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना. उन्होंने विद्यार्थियों के हित में उपलब्ध प्रशासनिक सुविधाओं और समस्याओं के समाधान के लिए अपनाए जाने वाले माध्यमों की विस्तृत जानकारी दी. साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को हमेशा जागरूक एवं सक्रिय रहने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया.
एसडीपीओ ने साइबर अपराध और ठगी से बचने के बताए उपाय
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रभूषण ने विद्यार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी. उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने तथा संदिग्ध कॉल और संदेशों से पूरी तरह सावधान रहने की सलाह दी.
संचार साथी पोर्टल के माध्यम से मोबाइल सुरक्षा से जुड़े उपायों की भी जानकारी दी गई. महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को हमेशा सजग एवं सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित किया.
एनएसएस और विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की दी गई विस्तृत जानकारी
शिविर में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल सहित विभिन्न ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि विद्यार्थी डिजिटल माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें. कार्यक्रम का मंच संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. देव प्रकाश ने किया.
Also Read : गया : घर में घुसे बदमाशों ने गमछे से मुंह बांधकर मारी गोली, CCTV में आरोपी घर पर ही थे तो गोली किसने चलाई?
उन्होंने एनएसएस की सामाजिक, जागरूकता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों तथा विशेष शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी. विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के नोडल अधिकारी डॉ. सुमित कुमार मिश्रा ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया. कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं, सुझाव और जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए