गया : घर में घुसे बदमाशों ने गमछे से मुंह बांधकर मारी गोली, CCTV में आरोपी घर पर ही थे तो गोली किसने चलाई?
गांव में जांच करते डीएसपी और थानाध्यक्ष | Prabhat Khabar Network
गया जी जिले के परैया थाना क्षेत्र के खिरी गांव में सोमवार की देर रात बदमाशों ने घर में घुसकर साधु यादव को गोली मारकर घायल कर दिया और नकदी व जेवर चुराने का आरोप लगाया. थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी पहलुओं की गहराई से छानबीन की जा रही है.
गया जी के परैया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खिरी गांव में सोमवार की देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक घर में घुसकर सनसनी फैला दी. बदमाशों ने घर में सो रहे साधु यादव नामक व्यक्ति के साथ पहले मारपीट की और फिर उन्हें गोली मार दी. गोली सीधे साधु यादव के दाएं बाजू में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को तुरंत इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है.
गमछे से मुंह बांधकर गोली मरने का आरोप
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़ित साधु यादव के दिए गए बयान के आधार पर पांच लोगों के घर में जबरन घुसने की बात सामने आई है. पीड़ित ने इनमें से तीन मुख्य हमलावरों की पहचान अपने ही गांव के रामदयाल यादव, भोला यादव और गणेश यादव के रूप में की है, जबकि दो अन्य आरोपितों को अज्ञात बताया गया है. पीड़ित का गंभीर आरोप है कि घर में घुसे तीन बदमाशों ने उनका मुंह उन्हीं के गमछे से कसकर बांध दिया और उन्हें खींचकर घर के बगल में ले गए, जहां उन्हें गोली मार दी गई.
नकदी और जेवर चोरी का भी लगाया गया आरोप
इतना ही नहीं, घायल साधु यादव ने पुलिस को दिए अपने लिखित आवेदन में यह भी दावा किया है कि हमलावर उनके घर से करीब 30 हजार रुपए नकद और कई कीमती आभूषण भी चुराकर ले गए हैं.
इस पूरे मामले की गंभीरता से तफ्तीश कर रही पुलिस ने जब नामजद आरोपित रामदयाल यादव के घर के बाहर और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला, तो यह मामला एक नया मोड़ लेता हुआ दिखाई दिया. थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने जानकारी दी कि सीसीटीवी फुटेज में रामदयाल यादव समेत तीनों नामजद आरोपित रात के करीब 10 बजे से लेकर सुबह तक अपने-अपने घरों के अंदर ही मौजूद नजर आ रहे हैं.

पुलिस अब इस तकनीकी पहलू की भी बहुत ही गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इस घटना में शामिल बताए जा रहे दो अज्ञात व्यक्तियों की पहचान करने के साथ-साथ गोलीबारी और चोरी के इन तमाम आरोपों की सत्यता की वैज्ञानिक और दस्तावेजी जांच की जा रही है. पुलिस इस घटना से जुड़े सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर अपनी छानबीन को आगे बढ़ा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए