दाउदनगर में सड़क किनारे खड़े जब्त वाहनों से बढ़ी परेशानी, संकरी हुई सड़क, हादसे का खतरा

दाउदनगर-बारुण रोड पर इस तरह से लगा वाहन | Prabhat Khabar Network
दाउदनगर में जब्त वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. संकरी हुई सड़कों पर जाम लगना आम बात हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोग प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं.
Aurangabad News: दाउदनगर-बारुण रोड स्थित शहीद प्रमोद सिंह चौक के पास सड़क किनारे खड़े जब्त वाहनों की बढ़ती संख्या अब आम लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है. खनन विभाग, पुलिस, परिवहन एवं अन्य विभागों द्वारा जब्त किए गए वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर दिए जाने से सड़क काफी संकरी हो गई है.
हाल ही में खनन विभाग द्वारा जब्त किए गए एक ट्रक को पहले से खड़े ट्रक के ठीक सामने सड़क पर खड़ा कर दिया गया है. इससे आवागमन के लिए बेहद कम जगह बची है. स्थिति ऐसी हो गई है कि एक समय में मुश्किल से एक ही वाहन गुजर पा रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग दाउदनगर शहर का प्रमुख संपर्क पथ है, जहां पूरे दिन छोटे-बड़े वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है. सड़क पर भारी वाहनों की कतार लगने से अक्सर जाम की स्थिति बन रही है और लोगों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है.
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बताया कि दो दिन पहले खनन विभाग ने एक वाहन जब्त कर यहां खड़ा कराया है. उनका कहना था कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर वाहन लगाए जा रहे हैं, इसलिए वे इसमें हस्तक्षेप नहीं कर सकते.
भाजपा नगर अध्यक्ष एवं प्रखंड 20 सूत्री उपाध्यक्ष श्याम कुमार पाठक ने इस व्यवस्था पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने खान निरीक्षक से मोबाइल पर बात कर वाहन हटाने का अनुरोध भी किया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.
उन्होंने कहा कि प्रशासन को जब्त वाहनों के लिए अलग से सुरक्षित स्थल निर्धारित करना चाहिए. यदि किसी कारणवश सड़क किनारे वाहन रखने पड़ें तो उन्हें इस तरह व्यवस्थित किया जाए कि यातायात बाधित न हो और दुर्घटना की आशंका समाप्त हो.
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि शहीद प्रमोद सिंह चौक अब जब्त वाहनों का स्थायी अड्डा बन गया है. दाउदनगर थाना के अलावा परिवहन, वाणिज्य कर एवं खनन विभाग द्वारा जब्त किए गए वाहन भी यहीं लाकर छोड़ दिए जाते हैं. इससे सड़क का बड़ा हिस्सा स्थायी पार्किंग में तब्दील हो गया है और यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है.
लोगों ने प्रशासन से अविलंब वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा सड़क किनारे खड़े जब्त वाहनों को हटाकर आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










