औरंगाबाद में बारिश से तबाही, मिनटों में ढह गया मकान, परिवार बाल बाल बचा

धोबी बाग में गिरा हुआ कच्चा मकान | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद जिले में लगातार बारिश ने एक परिवार पर आफत बनकर टूटी। सोमवार को एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि घर के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन उनका लाखों का सामान और अनाज बर्बाद हो गया।
Aurangabad Rain House Collapse : औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड अंतर्गत दक्षिणी उमंगा पंचायत के धोबीबाग गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच सोमवार को एक कच्चा मकान अचानक ढह गया. हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकल जाने से उनकी जान बच गई. हालांकि मकान गिरने से परिवार का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
बारिश से कमजोर हुआ मकान, अचानक भरभराकर गिरा
जानकारी के अनुसार, महावीर यादव के पुत्र कृष्णा यादव का कच्चा मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गया था. सोमवार को अचानक दीवारें ढह गईं और पूरा मकान जमीन पर गिर पड़ा. घटना के समय घर के अंदर मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
अनाज और घरेलू सामान हुआ बर्बाद
गृहस्वामी कृष्णा यादव ने बताया कि मकान गिरने से घर में रखा अनाज, खाने-पीने का सामान, बर्तन और अन्य जरूरी घरेलू सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई. मकान ढह जाने के बाद परिवार के सामने रहने का भी संकट खड़ा हो गया है. फिलहाल परिवार खुले आसमान के नीचे या रिश्तेदारों के सहारे रहने को मजबूर है.
पूर्व मुखिया पहुंचे, प्रशासन से राहत की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुखिया उपेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया. उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की.
राजस्व कर्मचारी ने किया नुकसान का आकलन
मामले की जानकारी मिलने पर अंचलाधिकारी अकबर हुसैन ने राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजकर क्षति का आकलन कराया. अंचलाधिकारी ने बताया कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा. वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से बरसात के मौसम को देखते हुए जल्द राहत उपलब्ध कराने की मांग की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










