राधा-कृष्ण बनकर सड़कों पर उतरे 175 बच्चे, औरंगाबाद में जहां नजर गई वहीं दिखे कान्हा और राधा
औरंगाबाद में श्री कृष्ण परिवार ने कान्हा रूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें 175 बच्चों ने राधा-कृष्ण का मनमोहक रूप धारण किया. इस दौरान शहर में एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसने भक्तिमय माहौल बना दिया.
औरंगाबाद शहर के टाउन हॉल में रविवार को श्री कृष्ण परिवार की ओर से कान्हा रूप सज्जा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में करीब 175 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम को लेकर बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला. छोटे-छोटे बच्चे श्री कृष्ण और राधा के मनमोहक रूप में सजकर पहुंचे और अपनी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.
आपके शहर में

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का उद्घाटन होने के बाद रूप सज्जा प्रतियोगिता शुरू हुई. इसमें बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण और राधा के रूप में अपनी प्रस्तुति दी. किसी बच्चे ने कान्हा का रूप धारण कर मुरली बजाई तो कोई राधा के रूप में सजी नजर आई.

बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को कृष्णमय बना दिया. अभिभावक भी अपने बच्चों की प्रस्तुति को लेकर काफी उत्साहित नजर आए और उनकी तस्वीरें लेते रहे. डॉ चंद्रशेखर कुमार, लोजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह सोनू सहित अन्य उपस्थित थे.

शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
दोपहर बाद शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई. शोभायात्रा में राधा-कृष्ण के वेश में सजे बच्चों ने हिस्सा लिया. सड़क पर एक साथ सैकड़ों की संख्या में राधा-कृष्ण के गेटअप में बच्चों के उतरने से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया.

आकर्षक वेशभूषा में सजे बच्चों को देखने के लिए शहर की सड़कों के किनारे लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. शोभायात्रा के दौरान बच्चों का रूप और उनकी मनमोहक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं.

महाआरती के बाद हुआ पुरस्कार वितरण
शाम में कार्यक्रम स्थल पर महाआरती का आयोजन किया गया. इसके बाद प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. पुरस्कार वितरण के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली.

आयोजकों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का बेहतर माध्यम हैं.
View on Instagram
स्थानीय कलाकारों ने बांधा समां
पुरस्कार वितरण के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. स्थानीय कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया. गीत, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं.

देर शाम तक कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा. शोभायात्रा में नगर परिषद के चेयरमैन उदय गुप्ता, रेड क्रॉस चेयरमैन सतीश कुमार गुप्ता, शिव गुप्ता, रंजय अग्रहरि, नवीन सिन्हा, सचिन सिन्हा, रवि चंद्र अग्रहरि, सौरभ कुमार, कुणाल कुमार सहित दर्जनों लोग शामिल हुए. आयोजन को सफल बनाने में श्री कृष्ण परिवार के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए