ट्रैवलर मिनी बस में शराब की खेप, आगे-आगे चलती थी स्कॉर्पियो; दाउदनगर में 393 लीटर शराब बरामद
औरंगाबाद जिले के दाउदनगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 393 लीटर से अधिक देशी-विदेशी शराब जब्त की है. इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके तार अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह से जुड़े हैं. जब्त किए गए वाहनों में स्कॉर्पियो, मिनी बस और बाइक शामिल हैं.
Aurangabad News : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दाउदनगर थानाक्षेत्र के केरा के सोनदियारा इलाके में छापेमारी कर 393.06 लीटर देशी-विदेशी शराब बरामद करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है.
आपके शहर में
तीन अभियुक्त गिरफ्तार और वाहन जब्त
गिरफ्तार अभियुक्तों में गोह थाना क्षेत्र के देवहरा निवासी अभिषेक निषाद, दाउदनगर थाना क्षेत्र के केरा निवासी पप्पू कुमार तथा राजस्थान के उदयपुर जिले के खैरोदा थाना क्षेत्र के मौरी निवासी राजेंद्र सिंह शामिल हैं. राजेंद्र सिंह वाहन चालक बताया जाता है.
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 345.06 लीटर विदेशी शराब और 48 लीटर देशी शराब के अलावा एक स्कॉर्पियो, एक ट्रैवलर मिनी बस, एक बाइक और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. पुलिस के अनुसार, शराब की तस्करी में इन वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा था.
एसआईटी का गठन कर सोनदियारा में छापेमारी
दाउदनगर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ चंद्रभूषण ने बताया कि पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के लिए उनके नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था.
गुप्त सूचना, आसूचना संकलन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रात्रि में विशेष छापेमारी की गई. इसी दौरान तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर शराब व वाहनों को जब्त किया गया. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ शराब कारोबारी दाउदनगर थाना क्षेत्र में शराब के धंधे के लिए प्रवेश कर रहे हैं.
सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने कार्रवाई की. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने शराब के अवैध कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा किया है. इन जानकारियों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
यूपी, राजस्थान और झारखंड से जुड़े हैं गिरोह के तार
एसडीपीओ ने बताया कि इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का उद्भेदन हुआ है. गिरोह के तार उत्तर प्रदेश, राजस्थान और झारखंड से जुड़े होने की जानकारी पुलिस को मिली है.
View on Instagram
मामले की जांच करते हुए पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि जब्त ट्रैवलर मिनी बस का इस्तेमाल शराब ढोने के लिए किया जा रहा था. स्कॉर्पियो वाहन शराब की खेप के साथ चलने के साथ-साथ लाइनर के रूप में भी इस्तेमाल किया जा रहा था. वहीं बाइक से देशी शराब जब्त किया गया है.

अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास और छापेमारी टीम
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में दो का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है. अभिषेक निषाद के खिलाफ गोह थाना कांड संख्या 70/23 और सारण जिले के परसा थाना कांड संख्या 97/26 दर्ज है.
वहीं राजेंद्र सिंह के खिलाफ मधुबनी जिले के रामनगर थाना कांड संख्या 191/26 दर्ज होने की जानकारी दी गई है. मामले में दाउदनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : औरंगाबाद : रफीगंज के SI मुक्तिदेव निराला निलंबित, ग्रामीणों से अभद्रता और मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल
गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष विकास कुमार, एसआई विक्की कुमार सक्सेना, सुदीश कुमार, परमानंद कुमार, प्रदीप कुमार टू, अभिषेक कुमार, एएसआई पवन कुमार तथा सिपाही अरविंद कुमार और प्रियंका कुमारी शामिल रहे. एसडीपीओ चंद्रभूषण ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए