ओबरा में कक्षा 1 से 8 तक की कॉपियां जांचना शुरू, 26 सितंबर को अभिभावकों को पता चलेगा बच्चों का प्रदर्शन
अर्ध वार्षिक परीक्षा की कॉपी जांचते शिक्षक | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद के ओबरा के स्कूलों में पहली से आठवीं तक की अर्धवार्षिक परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो गया है. 26 सितंबर को अभिभावकों को मिलेगा प्रगति पत्र, कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान.
औरंगाबाद के ओबरा प्रखंड के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह सीआरसी करसाव में कक्षा प्रथम से आठवीं तक की अर्धवार्षिक परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य मंगलवार से विधिवत शुरू कर दिया गया है. उत्तर पुस्तिकाओं की यह जांच प्रक्रिया आगामी 25 सितंबर तक लगातार चलेगी, जिसके बाद आगामी 26 सितंबर को विद्यालय स्तर पर शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन कर विद्यार्थियों का प्रगति पत्र (रिपोर्ट कार्ड) उनके अभिभावकों को दिखाया जाएगा.
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार एवं मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक अखिलेश कुमार ने बताया कि सभी संबंधित शिक्षकों के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य आरंभ कर दिया गया है.
कई विद्यालयों के छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं की हो रही जांच
प्रधानाध्यापकों ने बताया कि इस मूल्यांकन केंद्र के अंतर्गत कासिम बिगहा, करसाव, राजवाड़ा, मध्य विद्यालय मुरादपुर, चेतन, हुसैनाबाद, पकड़ी, घेटरा एवं रूपखाप विद्यालय के छात्र-छात्राओं की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जा रही है. इस मूल्यांकन प्रक्रिया के माध्यम से छात्रों के विषयवार प्रदर्शन और उनकी शैक्षणिक प्रगति का सटीक आकलन किया जाएगा.
Also Read : गया : घर में घुसे बदमाशों ने गमछे से मुंह बांधकर मारी गोली, CCTV में आरोपी घर पर ही थे तो गोली किसने चलाई?
प्रशासनिक निर्देश के अनुसार, निर्धारित समयावधि यानी 25 सितंबर तक हर हाल में कॉपियों की जांच का कार्य पूरा कर लिया जाना है, ताकि 26 सितंबर को आयोजित होने वाली शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी में बच्चों की रिपोर्ट कार्ड उनके माता-पिता के सामने प्रस्तुत की जा सके.
कमजोर छात्रों की शैक्षणिक स्थिति सुधारने पर रहेगा जोर
बैठक में यह भी तय किया गया है कि मूल्यांकन के दौरान जिन बच्चों का प्रदर्शन कमजोर पाया जाएगा, उनकी शैक्षणिक गतिविधियों और पठन-पाठन में सुधार लाने हेतु अभिभावकों को विशेष रूप से आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे. प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार ने बताया कि इस महत्वपूर्ण मूल्यांकन कार्य में शिक्षक लक्ष्मण, गौतम, शालिनी, मत्सम और योगेंद्र सहित अन्य शिक्षक अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए