औरंगाबाद के इस गांव में चोरों की खैर नहीं, हर गतिविधि पर रहेगी नजर, छपवाया चेतावनी वाला पर्चा

Updated:
विज्ञापन
aurangabad news

ग्रामीणों ने जागरूकता के लिए छपवाया पर्चा

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के बेलाढ़ी गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने खुद सुरक्षा की कमान संभाल ली है. ग्रामीणों ने बैठक कर एक ‘निगरानी कमिटी’ का गठन किया है और चोरों को चेतावनी देने वाला पर्चा छपवाया है.

विज्ञापन

Aurangabad News: (दाउदनगर से ओम प्रकाश की रिपोर्ट) :
जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के बेलाढ़ी गांव में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से चिंतित ग्रामीणों ने अब अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद संभालने का निर्णय लिया है. गांव में चोरी और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए ग्रामीणों ने एक बैठक आयोजित कर निगरानी कमिटी का गठन किया. कमिटी के गठन के साथ ही ग्रामीणों ने जागरूकता के लिए एक पर्चा भी छपवाया है, जिस पर बड़े अक्षरों में लिखा गया है – “चोर-डकैत होशियार, निगरानी कमिटी है तैयार.”

सूखे नशे और जुए पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, रात के लिए बने नियम

पर्चे के माध्यम से गांव में कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं. इसके अनुसार रात 11 बजे के बाद गांव में अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों को अपना स्पष्टीकरण देना होगा. वहीं बीएस, बोनफिक्स, व्हाइटनर, सॉल्यूशन जैसे सुखा नशा पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. सरकारी विद्यालयों में स्कूल बंद होने के बाद किसी के प्रवेश पर रोक लगाई गई है. इसके अलावा शराब तस्करी और जुआ जैसी गतिविधियों को भी पूरी तरह प्रतिबंधित घोषित किया गया है. विद्यार्थियों के लिए भी विशेष नियम बनाए गए हैं, जिसके तहत रात नौ बजे के बाद गांव में घूमने पर रोक रहेगी.

संदिग्ध गतिविधि दिखने पर सीधे मोबाइल नंबर पर देनी होगी सूचना

ग्रामीणों ने अपील की है कि यदि किसी को कहीं भी संदिग्ध गतिविधि या नियमों के उल्लंघन की जानकारी मिले तो वह तुरंत पर्चे में दिए गए मोबाइल नंबर पर सूचना दे. बैठक में नरेंद्र कुमार सिंह, आशुतोष कुमार पटेल, सुनील कुमार सिंह, दिलीप कुमार, मनोज कुमार, शैलेश कुमार, अशोक यादव, मुन्ना सिंह, नन्हें पासवान, संतोष पासवान, मिथिलेश सिंह, सरजू प्रसाद, साधु सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. ग्रामीण एवं जदयू नेता आशुतोष पटेल ने बताया कि निगरानी कमिटी के सदस्य रात में नियमित रूप से गांव का भ्रमण करेंगे और तय किए गए नियमों को प्रभावी ढंग से लागू कराने का प्रयास करेंगे.

मई महीने में हुई चोरी की घटनाओं से सहमे थे ग्रामीण

गौरतलब है कि मई महीने में बेलाढ़ी गांव के दो घरों में बड़ी चोरी की घटनाएं हुई थीं, जिनमें लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान चुरा लिए गए थे. वहीं हाल के दिनों में एक अन्य घर में चोरी का प्रयास करते हुए चोर 10 हजार रुपये लेकर फरार हो गए थे. लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निगरानी कमिटी का गठन किया है.

Also Read: औरंगाबाद में ट्रक ने बाइक को रौंदा, शिक्षक की मौत, बेटी गंभीर रूप से घायल

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन