औरंगाबाद : सुबह चाय पीने निकले बुजुर्ग को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत<bha>;</bha> भड़के लोगों ने किया हाईवे जाम

औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला. ओबरा थाना क्षेत्र के सदीपुर डीहरी गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 65 वर्षीय एक बुजुर्ग को कुचल दिया.
औरंगाबाद. औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला. ओबरा थाना क्षेत्र के सदीपुर डीहरी गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 65 वर्षीय एक बुजुर्ग को कुचल दिया. इस हिट एंड रन हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान स्थानीय निवासी राम भगत सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, राम भगत सिंह रोज की तरह सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे घर से निकलकर सड़क किनारे स्थित एक होटल में चाय पीने जा रहे थे. जैसे ही वह मुख्य सड़क पर पहुंचे, एक बेकाबू वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.
सड़क जाम और हंगामा
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये. घटना से आक्रोशित लोगों ने औरंगाबाद-पटना मुख्य सड़क को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. प्रदर्शनकारी आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग पर अड़े थे.पुलिस की कार्रवाई
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने और आरोपित चालक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के पुलिसिया आश्वासन के बाद लोग माने. पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस आसपास के सुराग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है.रिपोर्ट : ब्रजेश द्विवेदी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










