भोजपुर: सुबह बहन ने कहा- ये लोग मार रहे हैं, थोड़ी देर बाद मिली मौत की खबर; पति समेत ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

Updated:
विज्ञापन

ग्राणीणों की लगी भीड़

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

चांदी थाना क्षेत्र के नरही गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 26 वर्षीय विवाहिता प्रियंका कुमारी का शव पंखे से लटका मिला, जिसके बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

विज्ञापन

Domestic Violence: जिले के चांदी थाना क्षेत्र के नरही गांव में रविवार की सुबह पंखे से लटका एक महिला का शव बरामद हुआ. मृतका की पहचान नरही गांव निवासी नीतीश कुमार की 26 वर्षीया पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर प्रियंका की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है. घटना के बाद गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी फैल गयी.

विज्ञापन

सूचना मिलते ही चांदी थानाध्यक्ष सुनीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया. वहीं, घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाये.

2019 में हुई थी प्रियंका की शादी

मृतका के भाई प्रवीण कुमार ने बताया कि उसकी बहन प्रियंका कुमारी की शादी 21 मई 2019 को चांदी थाना क्षेत्र के नरही गांव निवासी दीनदयाल राय के पुत्र नीतीश कुमार से हुई थी. शादी के समय मायके वालों की ओर से आठ लाख रुपये नकद एवं अन्य सामान उपहार में दिया गया था.

प्रवीण कुमार का आरोप है कि शादी के करीब छह महीने बाद से ही प्रियंका की सास, पति और देवर द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने लगा. आरोप है कि कभी एसी, कभी दो लाख रुपये नकद एवं अन्य सामान की मांग की जाती थी.

दो वर्ष पूर्व भी जहर खिलाने का लगाया आरोप

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि करीब दो वर्ष पूर्व भी ससुराल वालों ने प्रियंका को जहर खिला दिया था. हालांकि उस समय उसकी जान बच गयी थी.

प्रवीण कुमार के अनुसार, रविवार की सुबह करीब नौ बजे उसकी बहन से फोन पर बात हुई थी. बातचीत के दौरान प्रियंका ने कहा कि ये लोग उसे मार रहे हैं और आने के लिए कहा. इसके बाद सुबह करीब 10 बजे उसके पति ने फोन कर गाली-गलौज करते हुए कथित रूप से कहा कि उसने उसकी बहन को मार दिया है और जो करना है कर लो.

पति, सास और दो देवर पर हत्या का आरोप

मृतका के भाई प्रवीण कुमार ने उसके पति नीतीश कुमार, सास एवं दो देवर पर दहेज में रुपये और अन्य सामान की मांग को लेकर प्रियंका की फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है.

वहीं, चांदी थानाध्यक्ष सुनीत कुमार ने बताया कि नरही गांव में एक महिला की फांसी लगाने से मौत होने की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किये हैं.

थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के मायके वालों की ओर से ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि मृतका के ससुराल में सिर्फ एक बुजुर्ग महिला मौजूद थी, जबकि बाकी सभी लोग फरार थे. पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है.

दो पुत्र और एक पुत्री की मां थी प्रियंका

बताया जाता है कि प्रियंका तीन बहनों और दो भाइयों में दूसरे स्थान पर थी. उसके दो पुत्र अनुराग कुमार और रूद्र कुमार तथा एक पुत्री अंशिका कुमारी है. घटना के बाद मृतका के घर में हाहाकार मच गया. उसकी मां सरिता देवी एवं परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन