आरा: महाराजा कॉलेज का 72वां स्थापना दिवस मनाया गया, संस्थापक महाराजा बहादुर को दी गई श्रद्धांजलि
महाराजा कॉलेज, आरा
महाराजा कॉलेज, आरा ने अपना 72वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया. इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक महाराजा बहादुर राम रण विजय प्रसाद सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के लिए याद किया गया. कॉलेज ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
Maharaja College: महाराजा बहादुर राम रण विजय प्रसाद सिंह कॉलेज, आरा का 72वां स्थापना दिवस समारोह रविवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया. समारोह की शुरुआत कॉलेज के संस्थापक महान विभूति महाराजा बहादुर राम रण विजय प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुई. इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया.
शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को किया याद
समारोह में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी, सदर विधायक सह मंत्री संजय टाइगर, शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राकेश ओझा, जय प्रकाश विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. दुर्गविजय सिंह, महाविद्यालय की प्रधानाचार्य प्रो. कनक लता तथा डुमरांव राज परिवार की ओर से मानसिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
इस अवसर पर वक्ताओं ने महाराजा बहादुर राम रण विजय प्रसाद सिंह के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान, दूरदर्शिता और समाज के प्रति उनके समर्पण को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि महाराजा बहादुर का व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी विद्यार्थियों एवं नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने की जो नींव रखी, वह आज भी क्षेत्र की शैक्षणिक विरासत को मजबूती प्रदान कर रही है.
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कार पर जोर
वक्ताओं ने कहा कि संस्थापक की ओर से स्थापित शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करना संस्थान की प्राथमिकता होनी चाहिए.
कॉलेज की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प
समारोह में विश्वविद्यालय के पूर्व सीनेट सदस्य अजय कुमार तिवारी ‘मुनमुन’ समेत विश्वविद्यालय एवं कॉलेज के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
स्थापना दिवस के अवसर पर कॉलेज परिवार ने संस्थान की गौरवशाली परंपरा को और समृद्ध बनाने तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए