ऑपरेशन 'यात्री सुरक्षा' में कामयाबी, आरा स्टेशन से 6 मोबाइल चोर गिरफ्तार
आरा रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ और जीआरपी ने 6 शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 6 चोरी के स्मार्टफोन बरामद हुए हैं।
Bhojpur News : रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे स्टेशन परिसर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत आरा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है. संयुक्त अभियान में छह शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया गया है. उनके कब्जे से चोरी के छह स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है.
संदिग्धों की तलाशी में खुला चोरी का राज
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट आरा के निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार और जीआरपी थाना आरा के थानाध्यक्ष रंधीर कुमार के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में विशेष जांच एवं सघन गश्ती अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई. जांच में दोनों के पास से एक-एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ.
पूछताछ में सामने आया पूरा गिरोह
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि मोबाइल फोन उन्होंने रेल यात्रियों से चोरी किए हैं. साथ ही उन्होंने अपने गिरोह के चार अन्य साथियों के स्टेशन परिसर में मौजूद होने की जानकारी दी. सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म पर छापेमारी कर गिरोह के शेष चार सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया. उनकी तलाशी में भी एक-एक चोरी का स्मार्टफोन बरामद हुआ.
स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में सभी छह आरोपितों ने कबूल किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने की वारदातों को अंजाम देते थे. पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है.
सभी आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजे गए
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राकेश कुमार (28), आनंद कुमार (22), मोहम्मद निशाल (25), मोइनुद्दीन (47), टुनटुन पांडेय (26) और रोहित पांडेय (27) के रूप में हुई है. इनमें अधिकांश भोजपुर जिले के निवासी हैं, जबकि एक आरोपित उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला है. आरपीएफ और जीआरपी ने सभी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
यात्रियों की सुरक्षा के लिए अभियान रहेगा जारी
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत संयुक्त अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा. यात्रियों से भी सतर्क रहने और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को देने की अपील की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










