छत से गिरकर घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने सदर अस्पताल में किया हंगामा

अस्पताल में रोते-बिलखते परिजन
Arrah News : भोजपुर जिले में बारिश के दौरान छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों ने सदर अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया.
Arrah News : भोजपुर जिले में छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए एक अधेड़ की मंगलवार की देर शाम इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. काफी देर तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. बाद में सुरक्षा कर्मियों ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया.
बारिश के दौरान फिसलकर छत से गिरे थे बच्चा सिंह
मृतक की पहचान सहार थाना क्षेत्र के वरुणा गांव निवासी स्व. सुदामा सिंह के 50 वर्षीय पुत्र बच्चा सिंह के रूप में हुई है. वह पिछले कई वर्षों से जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सिअरुआ गांव स्थित अपनी बहन के ससुराल में रह रहे थे. मृतक के भांजे विक्की सिंह ने बताया कि रविवार रात बारिश के दौरान अंधेरा होने की वजह से उनके मामा का पैर फिसल गया और वह छत से नीचे गिर पड़े. हादसे में उनकी कमर की हड्डी फ्रैक्चर हो गई थी. इसके बाद उन्हें पहले जगदीशपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से सोमवार को बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में उनका इलाज चल रहा था.
इलाज में लापरवाही का आरोप, परिजनों का हंगामा
मंगलवार की देर शाम इलाज के दौरान बच्चा सिंह की मौत हो गई. इसके बाद परिजनों ने अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक द्वारा पर्चे पर लिखी गई इंजेक्शन और अन्य दवाएं समय पर नहीं दी गईं, जिसके कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः उनकी मौत हो गई. मृतक के भांजे विक्की सिंह ने स्वास्थ्यकर्मियों पर समय पर दवा और इंजेक्शन नहीं देने का आरोप लगाया है.
मौत के बाद परिवार में मचा कोहराम
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस और अस्पताल प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं.
Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










