रॉन्ग साइड ट्रक रोकना भाजपा नेता को पड़ा महंगा, डिजिटल लाइसेंस नहीं मानने का आरोप
सांकेतिक तस्वीर
Bihar News: कोईलवर में रांग साइड से जा रहे बालू लदे ट्रकों को रोकना भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता को महंगा पड़ गया. डीटीओ टीम पर डिजिलॉकर और एम-परिवहन पर दिखाए गए दस्तावेजों को नहीं मानने और जुर्माना लगाने का आरोप लगाया गया है.
Bihar News: (दीपक गुप्ता की रिपोर्कोट) आरा के कोईलवर के मानसिक आरोग्यशाला-कोईलवर मार्ग पर रांग साइड से गुजरने वाले बालू लदे ट्रकों को लेकर लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वजह से सड़क पर आए दिन जाम और दुर्घटना जैसी स्थिति बनी रहती है. शुक्रवार को इसी मुद्दे को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राकेश शर्मा और परिवहन विभाग की टीम के बीच विवाद की स्थिति बन गई.
ट्रक रोकने के बाद हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार राकेश शर्मा बाइक से मानसिक आरोग्यशाला परिसर स्थित अपने क्वार्टर जा रहे थे. इसी दौरान कोईलवर थाना चौक के आगे रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्रक को उन्होंने रोककर पीछे हटने को कहा. इसी बीच डीटीओ की टीम वहां पहुंच गई. आरोप है कि ट्रक पर कार्रवाई करने के बाद टीम ने बाइक सवार से वाहन के कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस की मांग की.
डिजिलॉकर और एम-परिवहन ऐप को नहीं मानने का आरोप
राकेश शर्मा का आरोप है कि उन्होंने डिजिलॉकर और एम-परिवहन ऐप पर अपने वाहन के दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस दिखाए, लेकिन डीटीओ टीम में मौजूद कर्मियों ने उसे मानने से इनकार कर दिया. इसके बाद सड़क पर वाहन पार्क करने और कागजात प्रस्तुत नहीं करने के आरोप में 2500 रुपये का जुर्माना लगा दिया गया.
डीटीओ टीम पर गंभीर आरोप
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग की टीम पैसे लेकर रांग साइड से जा रहे ट्रकों को छोड़ रही है. उनका कहना है कि इसी कारण कोईलवर से चांदी तक सड़क पर लगातार जाम की समस्या बनी रहती है. हालांकि इन आरोपों पर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
जाम से परेशान लोग, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि बालू लदे ट्रकों की वजह से इलाके में रोजाना जाम की स्थिति बनती है. लोगों ने जिला प्रशासन से रांग साइड ट्रकों पर सख्त कार्रवाई और सड़क को जाम मुक्त कराने की मांग की है. बताया जा रहा है कि इस संबंध में ग्रामीणों ने डीएम, एसपी और मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ragini Sharma
मैं रागिनी शर्मा वर्तमान में पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की. इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










