जहानाबाद में डीएम का दौरा: गांव पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा, सहयोग शिविर’ को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक

Author Ragini Sharma|Edited by Ragini Shamra
Updated:
विज्ञापन

डीएम अलंकृता पाण्डेय की तस्वीर

Bihar News: जहानाबाद की डीएम अलंकृता पाण्डेय ने मखदुमपुर प्रखंड के सुमेरा पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने 19 मई को आयोजित होने वाले ‘सहयोग शिविर’ की जानकारी देते हुए ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया.

विज्ञापन

Bihar News: जहानाबाद में डीएम ने किया पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण. डीएम अलंकृता पाण्डेय ने मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत सुमेरा पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरटीपीएस काउंटर, जनसुविधाओं और आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सरकारी सेवाओं की समीक्षा की. इस मौके पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत कर्मियों से भी बातचीत की गई.

19 मई को लगेगा सहयोग शिविर

डीएम ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि 19 मई को पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाएगा. इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे. आम लोगों की शिकायतों और लंबित मामलों का त्वरित समाधान किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी पूर्व में दी गई शिकायतें, आवेदन और समस्याएं शिविर में रख सकेंगे, जिनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा.

नल-जल योजना में गड़बड़ी पर JE को फटकार

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने वार्ड संख्या 6 और 10 में नल-जल योजना के तहत पानी की आपूर्ति बंद रहने की शिकायत की. मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पीएचईडी विभाग के संबंधित जूनियर इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाई और 24 घंटे के भीतर जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी वार्डों में पानी की स्थिति की जांच कर समस्या समाधान सुनिश्चित करने को कहा.

राशन कार्ड और पेंशन समस्याओं पर भी चर्चा

कुछ ग्रामीणों ने राशन कार्ड से नाम हटने और पेंशन संबंधी समस्याओं को भी डीएम के सामने रखा. अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोगों का नाम पीएम लाभार्थी सूची में होने के कारण हटाया गया है. इस पर डीएम ने ऐसे सभी लाभार्थियों की सूची पंचायत भवन में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया. वहीं भूमि बंदोबस्ती और पेंशन मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवेदन लेकर कार्रवाई करने को कहा गया.

स्कूल निरीक्षण में मिली कई खामियां

पंचायत भवन के बाद डीएम ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सुमेरा का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षक उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, शौचालय और साफ-सफाई की स्थिति की जांच की. कक्षा 2 की पढ़ाई संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने शिक्षक और प्रधानाध्यापक को सुधार के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों के लिए बंद अलमारी में रखे FLN किट को उपयोग में लाने को कहा.

जर्जर भवन तोड़ने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में एक जर्जर भवन को खतरनाक स्थिति में पाया गया। डीएम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को नियमों के तहत भवन को जल्द ध्वस्त कराने का निर्देश दिया।

इसके अलावा स्कूल का शौचालय बंद मिलने पर प्रधानाध्यापक को नियमित सफाई और शौचालय खुला रखने का आदेश दिया गया.

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

डीएम अलंकृता पाण्डेय ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान डीआरडीए निदेशक, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, बीडीओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

Also Read: शाहाबाद में MLC उपचुनाव पर धनबल का साया: ‘सर्टिफिकेट जब्ती’ और वोट खरीद के आरोपों से गरमाई राजनीति

विज्ञापन
Ragini Sharma

लेखक के बारे में

By Ragini Sharma

मैं रागिनी शर्मा वर्तमान में पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की. इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन