भोजपुर के डिग्री कॉलेजों में 1 जुलाई से अस्थायी कक्षाएं, बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 27 May 2026 1:29 PM
निर्देश देते अधिकारी.
Arrah News: जिलाधिकारी ने सचिव, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्राप्त निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
Arrah News (नरेंद्र प्रसाद सिंह) : भोजपुर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में ज़ूम मीटिंग के माध्यम से जिले के डिग्री कॉलेजों में 01 जुलाई 2026 से प्रस्तावित अस्थायी कक्षा संचालन के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. जिलाधिकारी ने सचिव, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्राप्त निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया.
दो दिनों के भीतर भौतिक निरीक्षण करने का टास्क
बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि संबंधित प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्राचार्य, कनीय अभियंता, उप प्रबंधक तकनीकी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संयुक्त रूप से दो दिनों के अंदर भौतिक निरीक्षण कर पूर्व से तैयार प्राक्कलन (एस्टीमेट) का आवश्यकतानुसार पुनरीक्षण कर लें. उन्होंने कहा कि सभी असैनिक कार्यों को 15 से 20 जून 2026 तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए, ताकि निर्धारित समय से डिग्री महाविद्यालयों में अस्थायी कक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से प्रारंभ हो सके.
फर्नीचर, स्टेशनरी और पहुंच पथ निर्माण का प्रस्ताव मांगा
समीक्षा बैठक में महाविद्यालय परिसरों तक पहुंच पथ (एप्रोच रोड) निर्माण की आवश्यकता वाले स्थलों का प्रस्ताव अविलंब उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया. इसके साथ ही सभी महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक फर्नीचर, उपस्कर, स्टेशनरी एवं अन्य जरूरी सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु दिशा-निर्देश दिए गए.
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर समय सीमा के अंदर सभी तैयारियाँ पूर्ण करने तथा गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इस महत्वपूर्ण डिजिटल बैठक में उप विकास आयुक्त (भोजपुर), जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राशिका एवं सशिएनि), संबंधित डिग्री महाविद्यालयों के प्रभारी प्राचार्य, उप प्रबंधक तकनीकी तथा संबंधित प्रखंडों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
Also Read : भोजपुर में बढ़ेगी विकास की रफ्तार, उदवंतनगर में 31.20 करोड़ से बनेगा राष्ट्रीय स्तर का एक्वा पार्क
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










