आरा के शाहपुर में दर्दनाक हादसा: 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत
किशोर की फ़ाइल फ़ोटो
Arrah Shahpur Electric Shock Death News : आरा के शाहपुर में पिकअप वाहन में उतरे हाईटेंशन करंट से किशोर की मौत हो गई. वाहन छूते ही 16 वर्षीय आयुष करंट की चपेट में आ गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी, ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की.
Arrah Shahpur Electric Shock Death News : (मिथिलेश्वर प्रसाद सिन्हा) आरा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आई है. बरीसवन गांव में शुक्रवार की सुबह करंट लगने से 16 साल के एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
मृतक की पहचान बरीसवन गांव निवासी रामजी तिवारी के बेटे आयुष कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सुबह करीब छह बजे आयुष अपने गांव के पास बरिसवन-चमरपुर रोड पर निकले थे. मठिया से आगे कदम के पेड़ के पास एक पिकअप वाहन खड़ा था. इसी दौरान वह किसी काम से उस वाहन के पास पहुंचे.
पिकअप में दौड़ रहा था हाईटेंशन करंट
स्थानीय लोगों के अनुसार पिकअप वाहन में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का करंट उतर आया था. यह करंट कैसे आया, यह अब तक साफ नहीं हो पाया है. जैसे ही आयुष ने वाहन को छुआ, वे तेज झटके के साथ करंट की चपेट में आ गए. वे वहीं गिर पड़े और तड़पने लगे.
आसपास मौजूद लोग जब तक दौड़कर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. कुछ लोगों ने हिम्मत करके उन्हें वाहन से अलग किया. तुरंत इलाज के लिए शाहपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया. लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए. हर कोई इस हादसे से स्तब्ध था. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मां-बाप बेसुध हैं. पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लिया गया. पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल आरा भेजा गया है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पिकअप में करंट कैसे आया. कहीं बिजली तार टूटकर गिरा था या कोई लापरवाही हुई है, इसकी पड़ताल की जा रही है.
ग्रामीणों की मांग, मिले मुआवजा
घटना के बाद ग्रामीणों में गुस्सा भी है. लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है. दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है. गांव के मुखिया प्रतिनिधि रिंकू तिवारी और पंकज तिवारी ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है.
यह हादसा कई सवाल खड़े करता है. खुले में बिजली के तार और लापरवाही कितनी खतरनाक हो सकती है, यह फिर साबित हुआ है. अब देखना होगा कि जांच में क्या निकलता है और प्रशासन पीड़ित परिवार को क्या राहत देता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ragini Sharma
मैं रागिनी शर्मा वर्तमान में पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की. इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










