बाइक का टायर फटा, दर्दनाक हादसे में युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

घटना के बाद एकत्र भीड़
Arrah News: भोजपुर के तरारी में बाइक का टायर फटने से दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस जांच जारी है.
Arrah News: (नारायण त्रिपाठी की रिपोर्ट) भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड मुख्यालय स्थित सड़क पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बाइक का टायर अचानक फट जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे गिरने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में एक 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है.
मृतक की पहचान तरारी थाना क्षेत्र के सारा हरपुर मुसहर टोली निवासी शंकर राम के पुत्र मंगरु राम (22 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक की पहचान बक्सर जिले के अमसारी गांव निवासी पतलू राम के रूप में की गई है, जो अपने ससुराल हरपुर मुसहर टोली आया हुआ था.
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरारी पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने मंगरु राम को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक का इलाज जारी है.
काम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सारा हरपुर मुसहर टोली से किसी काम के सिलसिले में तरारी प्रखंड मुख्यालय आए थे. इसी दौरान अचानक बाइक का टायर फट गया और वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे जा गिरा, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया.
मौके पर मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में तरारी अस्पताल पहुंच गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
परिजनों को दी गई सहायता राशि
प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंदन कुमार द्वारा मृतक के परिजनों को परिवारिक लाभ योजना के तहत ₹20,000 की सहायता राशि प्रदान की गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










