आरा में पारिवारिक ड्रामा: साली से दूसरी शादी करने के विवाद में देवर-भाभी की पिटाई, अस्पताल में भर्ती

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 22 May 2026 6:12 PM

विज्ञापन

AI द्वारा बनायी गयी तस्वीर

Arrah News: आरा के नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मोहल्ले में शुक्रवार को साली से दूसरी शादी करने के विवाद को लेकर शुभम कुमार और उनकी भाभी आरती देवी की जमकर पिटाई कर दी गई. इस दौरान आरोपी सास किरण देवी ने आरती देवी के पैर में दांत काट लिया, जिससे वह घायल हो गईं. बताया जाता है कि आरती देवी के बेटे आशुतोष ने अपनी पहली पत्नी को छोड़कर 3 महीने पहले अपनी साली से दूसरी शादी कर ली थी, जिसके प्रतिशोध में इस वारदात को अंजाम दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Arrah News (मिथलेश): भोजपुर जिला मुख्यालय के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत अनाइठ मोहल्ले में शुक्रवार की सुबह पारिवारिक विवाद और रिश्तों के ताने-बाने को लेकर एक हाईवोल्टेज ड्रामा सामने आया. साली से दूसरी शादी करने के उपजे विवाद को लेकर कुछ लोगों ने घर में घुसकर देवर और भाभी की बेरहमी से पिटाई कर दी. मारपीट की इस घटना के दौरान हमलावर पक्ष की एक महिला ने पीड़ित महिला के पैर में बुरी तरह दांत काट लिया. जख्मी देवर-भाभी को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है.

यह हैं जख्मी, पारिवारिक रिश्तों में उलझा है पूरा विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मारपीट की घटना में घायल लोगों की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मोहल्ला निवासी आरती देवी और उनके देवर शुभम कुमार के रूप में की गई है. घायल शुभम कुमार ने अस्पताल में इलाज के दौरान इस पूरे विवाद की जो पृष्ठभूमि बताई, वह बेहद चौंकाने वाली है.

शुभम कुमार के अनुसार विवाद की पूरी टाइमलाइन:

साल 2024 (शादी से इंकार): शुभम कुमार की शादी सहार थाना क्षेत्र के मिश्रीचक गांव निवासी ममता कुमारी से तय हुई थी. लेकिन लड़की का रंग सांवला होने की बात कहकर शुभम ने इस शादी से साफ इंकार कर दिया था.

भाभी ने कराई अपने बेटे की शादी: शुभम के इंकार करने के बाद, उसकी भाभी आरती देवी ने पहल की और उसी लड़की (ममता कुमारी) की शादी अपने बेटे आशुतोष कुमार से करवा दी.

साली के साथ अफेयर और फरार: शादी के बाद आशुतोष कुमार का अफेयर अपनी ही सगी साली (ममता की बहन) श्वेता के साथ हो गया. विवाद तब गहराया जब लगभग 3 माह पहले आशुतोष अपनी साली को लेकर घर से भाग गया और उससे भी दूसरी शादी रचा ली.

महिला थाने तक पहुंचा था मामला, सुबह समधन ने घर धाबा बोल किया हमला

साली को भगाकर शादी करने के इस मामले को लेकर पूर्व में आशुतोष के ससुराल वालों द्वारा महिला थाना में एक प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई गई थी. हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच सामाजिक स्तर पर बातचीत हुई और सुलह-समझौता हो गया था.

लेकिन यह शांति ज्यादा दिनों तक नहीं टिकी. शुक्रवार की सुबह आशुतोष की सास किरण देवी अचानक कुछ अन्य लोगों के साथ अनाइठ मोहल्ला स्थित उनके घर धमक पड़ीं. घर पहुंचते ही साली से की गई दूसरी शादी के पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि किरण देवी ने अपने साथ आए लोगों के साथ मिलकर आरती देवी और शुभम कुमार की लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी. इसी बीच हाथापाई के दौरान आरोपी किरण देवी ने आक्रोश में आकर आरती देवी के पैर में अपने दांतों से बुरी तरह काट लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गईं.

पुलिस मामले की छानबीन में जुटी

घटना के बाद आस-पास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वारदात की सूचना स्थानीय नवादा थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस अस्पताल पहुंचकर जख्मियों का बयान दर्ज करने और मामले की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और छानबीन में जुट गई है.

Also Read: Arrah News: भीषण गर्मी में गैस के लिए हाहाकार, घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद खाली हाथ लौटे उपभोक्ता

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन