आरा में मुंडन के दौरान मातम, गंगा में डूबे 2 सगे भाई, एक का शव बरामद
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 14 May 2026 9:48 PM
घाट पर बच्चों के डूबने के बाद का मंजर
Arrah News: भोजपुर के सिन्हा थाना क्षेत्र में गुरुवार को मुंडन संस्कार की खुशियां मातम में बदल गईं. महुली घाट पर गंगा स्नान के दौरान दो सगे भाई नदी की लहरों में समा गए. एसडीआरएफ ने एक भाई का शव निकाल लिया है, जबकि दूसरे की तलाश शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू की जाएगी. चार बहनों के इकलौते भाइयों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है.
Arrah News(मिथलेश कुमार): भोजपुर जिले के सिन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत महुली घाट पर गुरुवार को एक बेहद दुखद घटना घटी. मुंडन संस्कार के पवित्र माहौल में उस समय चीख-पुकार मच गई, जब स्नान के दौरान दो सगे भाई गंगा नदी की तेज धार में डूब गए. देर शाम तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में एक भाई का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है.
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, चंदा गांव निवासी सुदर्शन यादव का परिवार मुंडन संस्कार के लिए महुली गंगा घाट पहुँचा था. संस्कार से पूर्व स्नान के दौरान सुदर्शन यादव के दो पुत्र धनु यादव (18 वर्ष) और सोनू यादव (16 वर्ष) गहरे पानी का अंदाजा नहीं लगा पाए. देखते ही देखते दोनों भाई नदी की तेज धारा की चपेट में आ गए और आंखों से ओझल हो गए.
एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही सिन्हा थाना प्रभारी सुजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और तत्काल एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया. टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद बड़े भाई धनु यादव का शव बरामद कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं नदी में तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण छोटे भाई सोनू यादव की तलाश रात में रोकनी पड़ी. थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह से पुनः युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा.
चार बहनों के लाडले भाई थे दोनों मृतक
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है. बताया जाता है कि मृतक दोनों भाई अपनी चार बहनों के लाडले भाई थे. घर के दो चिरागों के एक साथ बुझने की खबर जैसे ही चंदा गांव पहुँची, वहां कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है.
Also Read: पटना-वैशाली बिदुपुर सिक्सलेन की चप्पे-चप्पे पर होगी कैमरों की नज़र, दोनों ओर बनेंगे चेकपोस्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










