आरा में गंगा दशहरा पर आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने मां गंगा में लगाई डुबकी

गंगा दशहरा पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
गंगा दशहरा पर भोजपुर जिले के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. लोगों ने मां गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया. बड़हरा के एकौना घाट पर विशेष भीड़ रही. भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस की निगरानी भी जारी रही.
Arrah News: (नरेन्द्र प्रसाद सिंह) गंगा दशहरा के अवसर पर जिलेभर के हजारों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई. सुबह होते ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पुरुष और महिला श्रद्धालु घरों में साफ-सफाई और पूजा-पाठ के बाद वाहनों व पैदल गंगा घाटों की ओर रवाना हुए.
बड़हरा प्रखंड के एकौना घाट पर श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली. आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पैदल ही घाट पहुंचे. इस दौरान मां गंगा को समर्पित भजन और गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय और आध्यात्मिक बना रहा.
स्नान के बाद किया दान-पुण्य
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने यथाशक्ति दान-पुण्य किया और पूजा-अर्चना की. घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की निगरानी भी जारी रही. श्रद्धालुओं में महिलाओं की संख्या अधिक दिखाई दी. सनातन धर्म में मां गंगा को मोक्षदायिनी और पवित्र नदी माना जाता है। हर वर्ष ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को गंगा दशहरा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन मां गंगा स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं.
गंगा स्नान और पूजा के शुभ मुहूर्त
गंगा दशहरा के दिन पवित्र नदी में स्नान करने से पापों का नाश होने की मान्यता है. जानिए प्रमुख शुभ मुहूर्त.
- ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 04:04 बजे से 04:45 बजे तक
- प्रातः संध्या मुहूर्त: सुबह 04:24 बजे से 05:26 बजे तक
- हस्त नक्षत्र प्रारंभ: 26 मई सुबह 04:08 बजे से
क्यों मनाया जाता है गंगा दशहरा?
धार्मिक कथाओं के अनुसार मां गंगा पहले ब्रह्मा जी के कमंडल में निवास करती थीं. राजा भगीरथ ने अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए कठोर तप किया था, जिसके बाद मां गंगा पृथ्वी पर अवतरित हुईं. इसी पावन घटना की स्मृति में गंगा दशहरा का पर्व मनाया जाता है.
ALSO READ: CBSE का बड़ा फैसला, अब स्कूलों की गतिविधियों में दादा-दादी भी होंगे शामिल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










