एसएसबी जवान की सूझबूझ से बची पुलिस की जान, बिजली विभाग पर उठने लगे सवाल

फोटो:- कांस्टेबल चंदन कुमार (फाइल फोटो) | Prabhat Khabar Network
अररिया में 11 हजार वोल्ट की चपेट में आए पुलिस कांस्टेबल की जान एसएसबी जवान ने बचाई। बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल, जांच शुरू।
अररिया . आरएस थाना क्षेत्र के हड़ियाबाड़ा पंचायत स्थित पुलिस केंद्र में तैनात जहानाबाद निवासी कांस्टेबल चंदन कुमार गुरुवार की सुबह बिजली करंट की चपेट में आ गए. हादसे के वक्त पास में मौजूद एसएसबी कैंप के एक जवान की सूझबूझ से उनकी जान बच गई. एसपी जितेंद्र कुमार से मिली जानकारी के अनुसार रोज की तरह चंदन कुमार सुबह टहलने के लिए पुलिस केंद्र से बाहर निकले थे. इसी दौरान वे केंद्र के पास लगे एक आंवले के पेड़ से सुबह-सुबह खाने के लिए फल तोड़ने लगे. वहीं पेड़ से सटकर गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली का तार पेड़ के संपर्क में था. जैसे ही वे आंवला तोड़ने के लिए आगे बढ़े, करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
एसएसबी जवान ने दौड़कर अपने सूझबूझ से बचाई जान
घटना के समय पुलिस लाइन के पास स्थित एसएसबी कैंप के एक जवान की नजर उन पर पड़ी. उसने बिना देर किए बड़ी मशक्कत से कांस्टेबल चंदन कुमार को बिजली के संपर्क से अलग किया व तुरंत मदद के लिए आवाज दी.
स्थिति में धीरे-धीरे सुधार, पटना रेफर
मामले को लेकर एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद कांस्टेबल को पहले पूर्णिया के कसबा स्थित मैक्स हॉस्पिटल में बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. हालत में सुधार न होने पर घटना के बाद पहुंचे परिजन ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना ले गए हैं. डॉक्टरों के अनुसार अब उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. एसपी ने कहा, अररिया पुलिस की पूरी टीम उनके साथ संपर्क में हैं. इलाज में हर संभव सहयोग के साथ आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है.
बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल
इस घटना के बाद पुलिस केंद्र के आसपास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तार से सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ों से सटकर गुजर रही तारें पहले से खतरा बनी हुई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. फिलहाल पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है व बिजली विभाग से तारों की मरम्मत व सुरक्षा उपाय करने की मांग की गई है.
ALSO READ : युवक को खूंटे से बांधकर बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राहुल सिंह
राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










