जोकीहाट रेफरल अस्पताल की इंज्यूरी रिपोर्ट पर फिर सवाल, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पर गंभीर आरोप
फोटो- पीड़ित मंदन मंडल | Prabhat Khabar Network
जोकीहाट रेफरल अस्पताल में इंज्यूरी रिपोर्ट को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं. मंदन मंडल ने गंभीर चोटों को सामान्य जख्म बताने का आरोप लगाया है. मामले में अब मेडिकल बोर्ड से दोबारा जांच की मांग की गई है.
जोकीहाट (अररिया). जोकीहाट रेफरल अस्पताल में इंज्यूरी रिपोर्ट को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं. दभड़ा पंचायत के वार्ड संख्या 09 निवासी मंदन मंडल, पिता स्व. रामजी मंडल ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आदित्य कुमार पर गंभीर जख्मों को गलत तरीके से दर्ज कर सिंपल इंज्यूरी रिपोर्ट तैयार करने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर उन्होंने डीएम, एसपी, सिविल सर्जन और लोक शिकायत में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. साथ ही मेडिकल बोर्ड गठित कर दोबारा जांच कराने की मांग की है.
धारदार हथियार से हमले में छह जगह जख्म का दावा
मंदन मंडल ने अपने आवेदन में बताया है कि 3 अगस्त को सुनील मंडल और राजू मंडल ने कथित तौर पर धारदार दबिया से उन पर जानलेवा हमला किया था. उनके अनुसार हमले में शरीर पर करीब छह जगह गंभीर जख्म आये थे. खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए रेफरल अस्पताल जोकीहाट में भर्ती कराया था.
गंभीर जख्म के बावजूद सिंपल रिपोर्ट बनाने का आरोप
आवेदक का आरोप है कि इलाज के दौरान डॉ आदित्य कुमार ने शरीर पर आये गंभीर जख्मों को इंज्यूरी रिपोर्ट में गंभीरता से दर्ज नहीं किया और सिंपल इंज्यूरी रिपोर्ट तैयार कर दी. मंदन मंडल का कहना है कि उसके पास जख्मों से संबंधित वीडियो और फोटो भी मौजूद हैं, जिन्हें वह साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत कर सकता है.
पीड़ित के अनुसार गलत इंज्यूरी रिपोर्ट तैयार होने से मामले की न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. इसी वजह से उन्होंने मेडिकल बोर्ड गठित कर चोटों की दोबारा चिकित्सकीय जांच कराने की मांग की है.
डीएम, एसपी और सिविल सर्जन को दिया आवेदन
मंदन मंडल ने मामले को लेकर डीएम, एसपी, सिविल सर्जन और लोक शिकायत में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. उनके अनुसार सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप ने कहा है कि एसपी के आदेश के बिना मेडिकल बोर्ड का गठन नहीं किया जा सकता. इसके बाद उन्होंने एसपी जितेंद्र कुमार को भी आवेदन देकर मेडिकल बोर्ड गठित कराने और मामले की जांच कराने की मांग की है.
डॉक्टर ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आदित्य कुमार ने लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उन्होंने कहा कि जख्म प्रतिवेदन नियमानुसार तैयार किया गया है और इसे विभाग को सौंप दिया गया है.
मेडिकल बोर्ड की मांग के बाद जांच पर टिकी नजर
मामले में एक पक्ष जहां इंज्यूरी रिपोर्ट को गलत बताते हुए मेडिकल बोर्ड से दोबारा जांच कराने की मांग कर रहा है, वहीं चिकित्सक ने रिपोर्ट को नियमानुसार तैयार करने की बात कही है. अब प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच और मेडिकल बोर्ड गठित करने को लेकर होने वाली कार्रवाई पर नजर है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए