हरियाबाड़ा टोल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, दो घायल
अररिया के हरियाबाड़ा टोल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में काम पर जा रहे 25 वर्षीय राजमिस्त्री अशरफ की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. ट्रक चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया.
अररिया. जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. हरियाबाड़ा टोल टैक्स के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान फारबिसगंज प्रखंड के मानिकपुर वार्ड संख्या आठ निवासी इस्लाम के 25 वर्षीय पुत्र अशरफ के रूप में हुई है.
काम पर जा रहे थे तीनों राजमिस्त्री
परिजनों के अनुसार तीनों युवक राजमिस्त्री का काम करते थे. मंगलवार को तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर काम करने डोरिया जा रहे थे. इसी दौरान हरियाबाड़ा टोल टैक्स के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
अशरफ को चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने अशरफ को मृत घोषित कर दिया.
वहीं घायल शाहिद की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया. बाइक चला रहे मो. महमूद आलम का इलाज अररिया सदर अस्पताल में चल रहा है.
ट्रक लेकर चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस घटना के कारणों और दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान करने में जुटी है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
पुलिस ने मृतक अशरफ के शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे. अशरफ की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
परिजनों ने बताया कि अशरफ दो छोटे-छोटे बच्चों का पिता था. हादसे में उसकी मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया. परिवार के लोगों ने बताया कि अशरफ मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी अचानक मौत से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है.
हरियाबाड़ा एनएच पर लगातार हादसों से लोगों में चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरियाबाड़ा एनएच पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से हरियाबाड़ा टोल टैक्स के आसपास स्पीड ब्रेकर लगाने, वाहनों की गति नियंत्रित कराने और सड़क सुरक्षा के अन्य इंतजाम मजबूत करने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए