चुड़ीपट्टी बाजार में दुकान में लगी भीषण आग, दूसरी-तीसरी मंजिल तक पहुंचीं लपटें, नर्सिंग होम में मचा हड़कंप
किशनगंज के चुड़ीपट्टी बाजार में सोमवार को एक दुकान में अचानक आग लग गई. आग तेजी से फैली और भवन की ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया.
किशनगंज शहर के व्यस्त चुड़ीपट्टी बाजार में सोमवार को एक दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और भवन की ऊपरी मंजिलों तक लपटें पहुंच गयीं. आग और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गयी.
ग्राउंड फ्लोर की दुकान से शुरू हुई आग
बताया जाता है कि आग भवन के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित दुकान से शुरू हुई. कुछ ही देर में आग इतनी तेज हो गयी कि इसकी लपटें दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंच गयीं. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली.
आधे घंटे बाद पहुंचने का आरोप
आग की सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब आधे घंटे का समय लगा. इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग को आसपास के भवनों तक फैलने से रोकने के लिए काफी मशक्कत की.
नर्सिंग होम में मरीजों के बीच मचा हड़कंप
घटनास्थल के समीप स्थित एक नर्सिंग होम में भी आग और धुएं का असर दिखाई दिया. इससे नर्सिंग होम में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया. हालांकि आग नर्सिंग होम तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
ज्वलनशील सामान रखे होने की चर्चा
स्थानीय लोगों के मुताबिक दुकान में ज्वलनशील सामान रखे होने की बात सामने आई है. कुछ लोगों ने दुकान में पेट्रोल और गैस सिलेंडर होने की आशंका भी जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं
आग लगने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पाने के लिए प्रयास किया. प्रशासन की ओर से घटना की जांच और अगलगी से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए