फारबिसगंज ठाकुरबाड़ी में श्रीगणेश महोत्सव शुरू, थ्री-डी सजावट और महागणपति की भव्य प्रतिमा बनी आकर्षण
पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु. | Prabhat Khabar Network
फारबिसगंज के श्री लक्ष्मी नारायण मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी में पांच दिवसीय श्रीगणेश महोत्सव का शुभारंभ हो गया है. 41वें वार्षिकोत्सव के मौके पर थ्री-डी सजावट और महागणपति की भव्य प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.
फारबिसगंज (अररिया). फारबिसगंज स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी में सोमवार को पांच दिवसीय श्रीगणेश महोत्सव का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ हुआ. गणपति बप्पा मोरया और अगले वर्ष तू जल्दी आना के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा. महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया.
वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ महोत्सव का शुभारंभ
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर ठाकुरबाड़ी के महंत पं. अंगद दुबे, पं. अभिषेक दुबे, पं. अनिल पांडेय और पं. देवाशीष पाठक की अगुवाई में करीब आधा दर्जन पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना करायी. मुख्य यजमान ललित केड़िया और उनकी धर्मपत्नी अंजना देवी केड़िया ने संयुक्त रूप से भगवान श्रीगणेश की पूजा कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया.
41वां वार्षिकोत्सव, थ्री-डी सजावट बनी आकर्षण
पूजा समिति के संयोजक पवन शर्मा और अध्यक्ष भूपेश अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष श्रीगणेश महोत्सव का 41वां वार्षिकोत्सव मनाया जा रहा है. महोत्सव को लेकर कोलकाता के शिल्पकार खोखन पाल और बादल मूंदड़ा ने मंदिर परिसर में आकर्षक थ्री-डी सजावट की है.
मंदिर परिसर में भगवान महागणपति की भव्य प्रतिमा स्थापित की गयी है. इसके अलावा बनाया गया सेल्फी प्वाइंट भी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
रोजाना खीर, लड्डू और फलों की सवामणी का महाभोग
समिति के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन संध्या बेला में भगवान श्रीगणेश को खीर, लड्डू और फलों की सवामणी का महाभोग अर्पित किया जा रहा है. इसके साथ ही प्रतिदिन म्यूजिकल आरती, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है.
रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहा ठाकुरबाड़ी परिसर
महोत्सव को लेकर पूरे मंदिर परिसर के साथ मंदिर तक आने-जाने वाले मुख्य मार्ग को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है. रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट के कारण शाम होते ही ठाकुरबाड़ी परिसर का नजारा देखते ही बन रहा है.
पूजा-अर्चना और भगवान श्रीगणेश के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं. मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक माहौल बना हुआ है और शाम के समय श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ रही है.
आयोजन की सफलता में जुटे समिति के सदस्य
महोत्सव की सफलता को लेकर संयोजक पवन शर्मा के अलावा पवन अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, मनोहर शर्मा, धनपत धाड़ेवाल, शिबू अग्रवाल, अमित भूपाल, राजकुमार अग्रवाल, आजातशत्रु अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, अन्नपूर्णा देवी जिंदल, रामगोपाल अग्रवाल, अरविंद गोयल, नंदकिशोर गुप्ता, दीपक अग्रवाल उर्फ खुद्दीवाला, स्वीटी केड़िया, अमित केड़िया, संजीव झा, सुनील कुमार सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए