अररिया में कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को दी श्रद्धांजलि, आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
फोटो- श्रद्धांजलि सभा में मौजूद कांग्रेस जिलाध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network
अररिया में कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. नेताओं ने पंचायती राज, मतदान की उम्र घटाने और संचार क्रांति में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया.
Rajiv Gandhi Jayanti: अररिया. भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को अररिया जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी आश्रम में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष मासूम रेजा ने की. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों एवं आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया.
आपके शहर में
राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी की ओर बढ़ाया
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मासूम रेजा ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई. उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को संवैधानिक दर्जा दिलाकर लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का काम किया.
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं के लिए मतदान की उम्र 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया, जिससे देश की युवा शक्ति को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक भागीदारी का अवसर मिला.
तकनीकी और संचार क्रांति की रखी नींव
मासूम रेजा ने कहा कि राजीव गांधी ने शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा संचार के क्षेत्र में व्यापक बदलाव की नींव रखी. कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति को बढ़ावा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिससे भारत के आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त राष्ट्र बनने की दिशा मजबूत हुई.
राजीव गांधी की दूरदर्शिता आज भी प्रेरणास्रोत
जिलाध्यक्ष ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन, उनकी दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है. कांग्रेस उनके विचारों और सपनों के भारत के निर्माण के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी.
बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
Rajiv Gandhi Jayanti: कार्यक्रम में अररिया विधायक आबिदुर्रहमान, जिला प्रवक्ता शशि भूषण झा, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव अफसाना हसन, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुलशन आरा, अब्दुस सलाम, प्रखंड अध्यक्ष अलीमुद्दीन, चंगेज अंसारी, रवि गुप्ता, राहत खान, मीर इरफान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रफुल्ल भारती
प्रफुल्ल भारती प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए