बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े महिला के गले से 16 ग्राम सोने की चेन झपटी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

लोगो को घटना की जानकारी देती पीड़िता महिला. | Prabhat Khabar Network
Chain Snatching : अररिया जिले की एक महिला से दिनदहाड़े राजेंद्र चौक पर 16 ग्राम सोने की चेन लूट ली गई. बाइक सवार दो बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो गए. इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Chain Snatching : फारबिसगंज शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल राजेंद्र चौक स्थित मारवाड़ी अतिथि सदन के सामने मंगलवार दोपहर एक महिला से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश महिला के गले से करीब 16 ग्राम वजनी सोने की चेन झपटकर फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई.
ऑटो का इंतजार कर रही महिला को बनाया निशाना
पीड़िता कंचन सिंह, पति जयप्रकाश सिंह, वर्तमान में गोढ़ियारे चौक में किराये के मकान में रहती हैं. उनका मूल निवास अररिया जिले के कुर्साकांटा प्रखंड के राजौला सुंदरी गांव में है. उनके पति भारतीय सेना में कार्यरत हैं और फिलहाल जम्मू में तैनात हैं. कंचन सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह अपनी पड़ोसी महिला रिशु झा के साथ टोटो से राजेंद्र चौक पहुंची थीं. वहां से जैन धर्मशाला के पास स्थित एक दुकान जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थीं.
पलभर में झपटी चेन, एसके रोड की ओर भागे बदमाश
इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी तेज गति से पहुंचे. पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और दोनों एसके रोड होते हुए छुआपट्टी की ओर फरार हो गए. पीड़िता के शोर मचाने तक अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे. उन्होंने बताया कि बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे युवक का चेहरा खुला हुआ था.
दो लाख से अधिक कीमत की थी चेन
पीड़िता के अनुसार छीनी गई सोने की चेन का वजन लगभग 16 ग्राम था, जिसकी वर्तमान कीमत दो लाख रुपये से अधिक है. घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी करण कुमार पप्पू, भाजपा नेता एवं समाजसेवी राहिल खान, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि आयुष कुमार कालू और शंकर यादव सहित कई स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से जानकारी लेने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया. थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि चेन स्नैचिंग की घटना में शामिल अज्ञात अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कलीमउद्दीन
कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










