9 महीने से मानदेय न मिलने से आक्रोशित आवास कर्मियों ने खोला मोर्चा, BDO को ज्ञापन सौंप 12-13 अगस्त को काम का किया बहिष्कार
बीडीओ को ज्ञापन सौंपते ग्रामीण आवास कर्मीगण | Prabhat Khabar Network
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कार्यरत आवास कर्मियों का नौ महीने से बकाया मानदेय न मिलने से धैर्य जवाब दे गया है. उन्होंने 12 और 13 अगस्त को 'जीरो ऑफिस डे' के तहत निर्धारित सभी कार्यों के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है. कर्मी गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं.
अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कार्यरत आवास कर्मियों का धैर्य अब जवाब दे चुका है. पिछले लगभग नौ महीनों से बकाया मानदेय का भुगतान न होने से आक्रोशित कर्मियों ने राज्य ग्रामीण आवास कर्मी संघ बिहार के बैनर तले प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) कर्मजीत राम को ज्ञापन सौंपा. कर्मियों ने मानदेय के अविलंब भुगतान की मांग करते हुए 12 और 13 अगस्त को 'जीरो ऑफिस डे' के तहत निर्धारित सभी कार्यों के बहिष्कार का ऐलान कर दिया.
आर्थिक तंगी के बीच निष्ठा से निभा रहे थे जिम्मेदारी
बीडीओ को सौंपे गए ज्ञापन में आवास कर्मियों ने स्पष्ट कहा कि वे सभी विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं. इसके बावजूद बीते 09 महीनों से उन्हें एक भी महीने का मानदेय नहीं मिला है. लंबे समय से मानदेय लंबित रहने के कारण उनके सामने अब गंभीर आर्थिक कठिनाइयां उत्पन्न हो गई हैं और परिवार का गुजर-बसर करना बेहद मुश्किल हो गया है.
12 व 13 अगस्त को जिओ टैगिंग व निरीक्षण कार्य का बहिष्कार
कर्मियों ने बताया कि विभागीय निर्देशानुसार 12 और 13 अगस्त को 'जीरो ऑफिस डे' के तहत ग्रामीण आवासों का निरीक्षण, स्वीकृत मकानों की जीईओ-टैगिंग (GEO Tagging) तथा लाभुक प्रोत्साहन का विशेष अभियान चलाया जाना था. लेकिन मानदेय न मिलने के विरोध में संघ ने निर्णय लिया है कि इन दो दिनों में योजना से जुड़ा कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा और पूरी तरह कार्य बहिष्कार रहेगा.
ज्ञापन सौंपने के दौरान ये कर्मी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान आवास पर्यवेक्षक संजीव कुमार, पंकज कुमार, चंद्रदेव कुमार, अजित चौधरी, चंदन कुमार यादव, मो. महताब आलम, राजीव कुमार, संजय कुमार दास, जितेंद्र कुमार साहा, राधा कुमारी, दुर्गा प्रसाद, संजय कुमार पंडित, विशाल कुमार, असद आलम, पूनम कुमारी, अरविंद कुमार साह सहित दर्जनों आवास कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कलीमउद्दीन
कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










