अररिया में भारत-नेपाल सीमा से शराब तस्करी की कोशिश नाकाम, सिकटी पुलिस ने 977 बोतल नेपाली शराब जब्त की

विज्ञापन

पुलिस गिरफ्त में शराब तस्कर | Prabhat Khabar Network

भारत-नेपाल सीमा से सटे अररिया जिले में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर 977 बोतल नेपाली शराब और चार बाइक के साथ दो कथित शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बरामद शराब और वाहनों को जब्त कर लिया है.

विज्ञापन

Araria News: भारत-नेपाल सीमा से सटे अररिया जिले के सिकटी थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में सिकटी थाना पुलिस ने 977 बोतल नेपाल निर्मित शराब और चार बाइक के साथ दो कथित शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने बरामद शराब और वाहनों को जब्त कर लिया है तथा दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

सिकटी थाना पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई बिहार में चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई. सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही तस्करी की गतिविधियों को देखते हुए पुलिस पहले से सतर्क थी.

गुप्त सूचना पर सीमा के पास की गई कार्रवाई

थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के पीलर संख्या 156 के पास स्थित कुचहा मार्ग से चार बाइक के जरिए बड़ी मात्रा में नेपाली शराब भारतीय क्षेत्र में लाई जा रही है.

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई. जब पुलिस कुचहा से लगभग डेढ़ किलोमीटर पहले दक्षिण दिशा की ओर पहुंची, तब चार बाइक संदिग्ध स्थिति में आती दिखाई दीं.

दो तस्कर भागे, दो पुलिस के हत्थे चढ़े

पुलिस को देखकर पीछे चल रहे दो बाइक सवार अपनी बाइक छोड़कर बस्ती की ओर भाग निकले और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.

हालांकि पुलिस ने दो अन्य युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया. उनकी पहचान नजमी आलम (24 वर्ष), पिता नवाजिस हुसैन, निवासी वार्ड संख्या 11, नया बस्ती मुसहरा, टेढ़ागाछ तथा मुन्ना (21 वर्ष), पिता अमीन आलम, निवासी वार्ड संख्या 11, खर्रा, टेढ़ागाछ, जिला किशनगंज के रूप में हुई है.

10 बोरियों से मिली 977 बोतल नेपाली शराब

पुलिस ने मौके पर मौजूद चारों बाइकों की तलाशी ली. तलाशी के दौरान कुल 10 बोरियों में छिपाकर रखी गई 977 बोतल नेपाल निर्मित देशी शराब बरामद हुई.

यह शराब रेशम लीची ब्रांड की थी और प्रत्येक बोतल 300 मिलीलीटर की थी. कुल मिलाकर 293.1 लीटर शराब जब्त की गई.

बिहार मद्य निषेध कानून के तहत केस दर्ज

बरामद शराब और चारों बाइकों को जब्त कर थाना लाया गया. इसके बाद बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई.

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

Araria News: सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए बढ़ी निगरानी

सिकटी थाना पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मार्गों पर शराब तस्करी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष गश्त और गुप्त सूचना तंत्र को और मजबूत किया गया है ताकि अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.

पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि फरार हुए अन्य दो आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

Also Read: पटना: हादसे में युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने पुलिस पर किया पथराव; बस समेत कई गाड़ियां फूंकी

Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह


विज्ञापन
संजय प्रताप सिंह

लेखक के बारे में

By संजय प्रताप सिंह

संजय प्रताप सिंह प्रिंट माध्यम में 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन