प्रभात खबर की खबर से बदली अररिया की तस्वीर, 48 घंटे में 29 वार्डों में तेज हुआ सफाई अभियान
हटिया भगत टोला-काली मंदिर मार्ग पर कचरा हटाते सफाई कर्मी | Prabhat Khabar Network
अररिया नगर परिषद में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रभात खबर की खबर का बड़ा असर हुआ है. खबर प्रकाशित होने के 48 घंटे के भीतर सभी 29 वार्डों में सफाई कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है और कचरे के बड़े ढेर हटाए गए हैं.
Araria News: अररिया नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रकाशित प्रभात खबर की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है. ‘अररिया बना कचरा नगरी’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद प्रशासन और सफाई एजेंसी हरकत में आ गई. इसके बाद पिछले 48 घंटे के भीतर सभी 29 वार्डों में सफाई कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई, जबकि वार्ड संख्या 23 के हटिया भगत टोला से काली मंदिर जाने वाले मार्ग पर महीनों से जमा कचरे का बड़ा ढेर जेसीबी और मजदूरों की मदद से हटा दिया गया. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस कार्रवाई पर राहत जताते हुए प्रभात खबर का आभार व्यक्त किया है.
हटिया भगत टोला-काली मंदिर मार्ग से हटा कचरे का पहाड़
वार्ड संख्या 23 के हटिया भगत टोला से काली मंदिर जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से सड़क किनारे कचरे का ढेर जमा था.
स्थानीय लोगों के अनुसार सावन के दौरान इसी रास्ते से श्रद्धालु ठाकुरबाड़ी और काली मंदिर स्थित शिवालय में पूजा-अर्चना के लिए जाते थे, लेकिन दुर्गंध और गंदगी के कारण लोगों को नाक बंद कर गुजरना पड़ता था.
अब जेसीबी और सफाई कर्मियों की मदद से पूरे क्षेत्र की सफाई कर दी गई है.
खबर प्रकाशित होते ही सक्रिय हुआ नगर परिषद प्रशासन
प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) चंद्र राज प्रकाश और सफाई एजेंसी CBC Facilities Management Private Limited के संचालक कुशान सिंह राठौड़ ने मौके का निरीक्षण कराया.
निरीक्षण के बाद तत्काल सफाई अभियान शुरू किया गया और शहर के विभिन्न इलाकों में अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की गई.
सभी 29 वार्डों में बढ़ाई गई सफाई व्यवस्था
नगर परिषद क्षेत्र के सभी 29 वार्डों में सफाई व्यवस्था तेज कर दी गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं होती थी, लेकिन अब सुबह और शाम दोनों समय कचरा उठाव वाहन गली-मोहल्लों में पहुंच रहा है.
कई वार्डों में नियमित सफाई और कचरा संग्रहण की व्यवस्था शुरू होने से लोगों को राहत मिली है.
पार्षद ने कहा, खबर के बाद टूटी प्रशासन की नींद
वार्ड 23 के नगर पार्षद राजू राम ने कहा कि वे लगभग एक महीने से नगर परिषद में आवेदन दे रहे थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
उन्होंने कहा कि प्रभात खबर में मामला प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और अब सफाई अभियान तेजी से चलाया जा रहा है.
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह व्यवस्था आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी.
महिलाओं और मोहल्लेवासियों ने जताया आभार
भगत टोला की महिलाओं ने कहा कि अब मंदिर जाते समय बदबू नहीं आती और बाजार जाने का रास्ता भी साफ हो गया है.
स्थानीय निवासियों ने कहा कि प्रभात खबर के हस्तक्षेप के बाद ही प्रशासन ने गंभीरता दिखाई, जिसके लिए उन्होंने अखबार का सार्वजनिक रूप से धन्यवाद किया.
Araria News: शिकायत के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
सफाई एजेंसी के संचालक कुशान सिंह राठौड़ ने कहा कि भविष्य में शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए तीन प्रमुख अधिकारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि शहरवासी सीधे संपर्क कर सकें.
उन्होंने बताया कि अब सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
संपर्क नंबर
विवेकानंद शर्मा (सफाई मैनेजर): 9523100689, 9304500689
पवन कुमार मंडल (हेड सुपरवाइजर, वार्ड 01-14): 9955813182
शहजादा साहिल (हेड सुपरवाइजर, वार्ड 15-29): 8051583426
Also Read: RJD की 20 साल की सियासी कहानी: 2005 की हार से 2020 की वापसी और 2025 के झटके तक, कहां चूकी पार्टी?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राहुल सिंह
राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










