14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा रैली, हर स्कूल से 25 छात्र-छात्राएं होंगे शामिल

Updated:
विज्ञापन

नगर परिषद, अररिया | Prabhat Khabar Network

अररिया नगर परिषद 14 अगस्त 2026 को 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत एक विशाल तिरंगा रैली का आयोजन कर रहा है. यह रैली सर्किट हाउस से शुरू होकर सुभाष चौक तक जाएगी, जिसका उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देना है. सभी स्कूलों और नागरिकों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है.

विज्ञापन

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त 2026 को अररिया नगर परिषद के तत्वावधान में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत शहर में एक विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया जा रहा है. नगर कार्यपालक पदाधिकारी (EO) चंद्रराज प्रकाश ने शहर के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर रैली में एनसीसी, स्काउट-गाइड और विद्यार्थियों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

सर्किट हाउस से सुभाष चौक तक निकाली जाएगी रैली

नगर परिषद कार्यालय द्वारा जारी पत्रांक 1467 के अनुसार, यह भव्य तिरंगा रैली 14 अगस्त 2026 को सुबह 10:00 बजे सर्किट हाउस परिसर से प्रारंभ होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नेताजी सुभाष चौक पर जाकर संपन्न होगी. यह आयोजन नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार (पटना) के संयुक्त निदेशक के आदेश के आलोक में किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना है.

प्रत्येक विद्यालय से 25 विद्यार्थियों की भागीदारी अनिवार्य

ईओ द्वारा जारी निर्देश के तहत राजकीय उच्च विद्यालय, आजाद एकेडमी, कन्या उच्च विद्यालय, आदर्श मध्य विद्यालय ककोड़वा, कन्या मध्य विद्यालय खरैदिया बस्ती, आदर्श मध्य विद्यालय अररिया बाजार तथा प्राथमिक विद्यालय पोखरा स्टैंड सहित सभी स्थानीय स्कूलों को रैली में शामिल होने को कहा गया है. प्रत्येक स्कूल से शिक्षकों के साथ कम से कम 25-25 छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट-गाइड के बच्चों की विशेष मौजूदगी रहेगी.

पार्षदों व कर्मियों को भी समय पर पहुंचने का निर्देश

नगर परिषद प्रशासन ने सभी 29 नगर पार्षदों, नप के अधिकारियों व कर्मचारियों को तय समय पर सर्किट हाउस पहुंचने का निर्देश जारी किया है. साथ ही रोकड़पाल को रैली से जुड़ी आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था समय से पूरी करने के लिए कहा गया है. प्रशासन ने शहरवासियों से भी 15 अगस्त के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और इस रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है.


विज्ञापन
राहुल सिंह

लेखक के बारे में

By राहुल सिंह

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन