Duleep Trophy Final: पहले तिलक अब वैभव, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने ऐसे लिया तिलक वर्मा से बदला
वैभव सूर्यवंशी और तिलक वर्मा फोटो—एक्स
दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल रोमांचक रहा, जहां साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा 99 रन पर आउट हो गए. इसी मैच में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने तिलक वर्मा के साथ एक मजेदार पल साझा किया.
Vaibhav Sooryavanshi-Tilak Verma: दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला रोमांचक होने के साथ-साथ मैदान पर हुई एक मजेदार घटना को लेकर भी चर्चा में है. साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक के बेहद करीब पहुंचे, लेकिन सिर्फ एक रन से सेंचुरी चूक गए. वहीं, मैच के दौरान 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने भी तिलक वर्मा के साथ कुछ ऐसा किया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
साउथ जोन की टीम पहली पारी में 336 रन बनाकर ऑलआउट हुई. कप्तान तिलक वर्मा ने टीम को संभालने की पूरी कोशिश की और 211 गेंदों पर 99 रन की जुझारू पारी खेली. उनकी पारी में 9 चौके शामिल रहे. तिलक के आउट होते ही साउथ जोन की पारी खत्म हो गई और वह अपने शतक से महज एक रन दूर रह गए.
99 रन पर आउट हुए तिलक, नजर आए भावुक
चौथे दिन साउथ जोन ने अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 242 रन से आगे शुरू की थी. तिलक वर्मा 56 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे और टीम की सबसे बड़ी उम्मीद भी वही थे. उनके साथ चामा मिलिंद ने पारी को आगे बढ़ाया.
दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 78 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम का स्कोर 318 रन तक पहुंचाया. इसके बाद मिलिंद 43 रन बनाकर आउट हो गए. साउथ जोन के बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सके. आखिर में तिलक वर्मा भी 211 गेंदों पर 99 रन बनाकर आउट हो गए. शतक से सिर्फ एक रन दूर रह जाने के कारण उनके चेहरे पर निराशा और भावुकता साफ नजर आई. उनकी इस पारी ने हालांकि साउथ जोन को मुश्किल स्थिति में संभालने में बड़ी भूमिका निभाई.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट
वैभव सूर्यवंशी ने ऐसे लिया तिलक से ‘बदला’
मैच के दौरान तिलक वर्मा और 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के बीच हुई एक छोटी-सी घटना भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. बताया जा रहा है कि फाइनल के पहले दिन तिलक ने वैभव से कुछ कहा था. चौथे दिन जब साउथ जोन की पारी अपने अंतिम पड़ाव पर थी और टीम 8 विकेट गंवा चुकी थी, तब वैभव ने उसी अंदाज में तिलक को जवाब देने का मौका ढूंढ लिया.
तिलक उस समय एक छोर पर डटे हुए थे और टीम को संभालने की कोशिश कर रहे थे. तभी वैभव उनके पास पहुंचे, उनसे कुछ शब्द कहे और फिर बिल्कुल शांत अंदाज में वहां से वापस चले गए. वैभव का यह अंदाज देखकर मैदान पर मौजूद लोगों के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई. सोशल मीडिया पर इसे पहले दिन की घटना का मजेदार जवाब बताया जा रहा है. क्रिकेट फैंस भी वैभव के इस चुलबुले अंदाज की तारीफ कर रहे हैं.
ईस्ट जोन ने बनाई 372 रन की बड़ी बढ़त
इससे पहले ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था. टीम की ओर से कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने शानदार 270 रन बनाए. उनके अलावा कुमार कुशाग्र ने 101, शिखर मोहन ने 85 और अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन की पारियां खेलीं.
ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने भी साउथ जोन के बल्लेबाजों को ज्यादा मौके नहीं दिए. मुकेश कुमार ने तीन विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी, कुनैन कुरैशी और शिखर मोहन को दो-दो विकेट मिले. साउथ जोन की पूरी टीम 336 रन पर सिमट गई. इस तरह ईस्ट जोन ने पहली पारी के आधार पर 372 रन की विशाल बढ़त हासिल कर ली. फाइनल में अब ईस्ट जोन की स्थिति काफी मजबूत नजर आ रही है.
ये भी पढ़ें: Sachin Tendulkar: जब सचिन की आंखों से छलके थे आंसू, इस खास पल के लिए करना पड़ा था 78 पारियों का इंतजार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए