Shoriful Islam NOC: दो गेंदबाज, एक टीम… फिर शोरिफुल को NOC क्यों नहीं? BCB के फैसले से बढ़ा सस्पेंस

Updated:
विज्ञापन

शोरफुल इस्लाम, बांग्लादेश तेज गेंदबाज (एक्स)

Shoriful Islam NOC: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम को काउंटी खेलने की अनुमति नहीं मिली. जानिए BCB के फैसले के पीछे की क्या है वजह और खालिद अहमद को क्यों मिली NOC.

विज्ञापन

Shoriful Islam NOC: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम के फैंस के लिए बड़ी खबर है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने उन्हें इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में केंट के लिए खेलने की अनुमति नहीं दी है. खास बात यह है कि केंट ने शोरिफुल के साथ-साथ बांग्लादेश के एक और तेज गेंदबाज खालिद अहमद को भी अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन दोनों के मामले में बोर्ड का फैसला अलग रहा.

विज्ञापन

आखिर शोरिफुल इस्लाम को NOC क्यों नहीं मिली?

BCB के क्रिकेट ऑपरेशंस प्रभारी शाह्रियार नफीस के मुताबिक, बोर्ड ने शोरिफुल की फिटनेस और आने वाले इंटरनेशनल मैचों को ध्यान में रखते हुए NOC नहीं देने का फैसला किया. शोरिफुल हाल ही में हैमस्ट्रिंग इंजरी से वापसी कर रहे हैं. ऐसे में चार काउंटी मैच खेलने से उनके शरीर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. बोर्ड को चिंता है कि अगर वह काउंटी में खेलते हुए दोबारा चोटिल हुए तो बांग्लादेश के लिए अहम मुकाबलों में उनकी उपलब्धता प्रभावित हो सकती है.

अगले 3 महीने में 18 इंटरनेशनल मैच

BCB की चिंता की बड़ी वजह बांग्लादेश का आने वाला व्यस्त कार्यक्रम भी है. अगले तीन महीनों में टीम को 5 टेस्ट, 7 टी20 और 6 वनडे, यानी कुल 18 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने हैं. शोरिफुल तीनों फॉर्मेट में बांग्लादेश की टीम का हिस्सा रहते हैं. इसलिए बोर्ड उनके वर्कलोड को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता.

मैच नहीं, अभी ट्रेनिंग पर रहेगा फोकस

शाह्रियार नफीस ने बताया कि टीम मैनेजमेंट और मेडिकल टीम की राय है कि इस समय शोरिफुल के लिए काउंटी क्रिकेट खेलने से ज्यादा जरूरी ट्रेनिंग और फिटनेस पर ध्यान देना है. बोर्ड चाहता है कि वह पूरी तरह फिट होकर आगामी इंटरनेशनल सीरीज के लिए तैयार रहें.

खालिद अहमद को केंट के लिए क्यों मिली NOC?

दूसरी ओर, तेज गेंदबाज खालिद अहमद को केंट के लिए खेलने की अनुमति मिल गई है. BCB के मुताबिक खालिद पूरी तरह फिट हैं और हाल के दिनों में उन्होंने ज्यादा मैच नहीं खेले हैं. यही वजह है कि बोर्ड ने उनके काउंटी खेलने को लेकर ज्यादा चिंता नहीं जताई और उन्हें NOC दे दी.

एक टीम, दो गेंदबाज और अलग-अलग फैसला

शोरिफुल और खालिद दोनों को केंट में खेलने का मौका मिल सकता था, लेकिन BCB ने दोनों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए अलग फैसला किया. शोरिफुल के लिए फिटनेस और वर्कलोड सबसे बड़ी चिंता है, जबकि खालिद को मैच अभ्यास हासिल करने का मौका दिया गया है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola