Anaya Bangar Cricket: अनाया बांगर को क्रिकेट खेलने की इजाजत क्यों मिली, जबकि इंटरनेशनल क्रिकेट में है रोक?
अनाया बांगर (एक्स)
Anaya Bangar Cricket: संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर को ऑस्ट्रेलिया में कम्युनिटी क्रिकेट खेलने की मंजूरी मिली है. जानिए क्या हैं नियम और क्यों इंटरनेशनल क्रिकेट में है रोक.
Anaya Bangar Cricket: पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर के क्रिकेट करियर को लेकर एक अच्छी खबर सामने आई है. जेंडर ट्रांजिशन के बाद महिला क्रिकेट में खेलने को लेकर अनाया के सामने कई तरह की चुनौतियां थीं. अब ऑस्ट्रेलिया में उन्हें कम्युनिटी क्रिकेट खेलने की मंजूरी मिल गई है. अनाया के लिए यह फैसला इसलिए खास है, क्योंकि एक समय उन्हें खुद लगने लगा था कि शायद वह दोबारा क्रिकेट नहीं खेल पाएंगी.
'एक समय लगा था क्रिकेट छोड़ना पड़ेगा'
अनाया ने इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि
जब उन्हें दोबारा क्रिकेट खेलने की अनुमति मिलने की जानकारी मिली तो यह उनकी जिंदगी के बड़े दिनों में से एक था. उन्होंने यह भी बताया कि ऐसा वक्त आया था, जब उन्हें लगा था कि जेंडर ट्रांजिशन के बाद उनका क्रिकेट सफर शायद यहीं खत्म हो जाएगा. अनाया ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का उन्हें मौका देने के लिए धन्यवाद भी दिया.
सरफराज और मुशीर के साथ खेल चुकी हैं क्रिकेट
अनाया का क्रिकेट से पुराना नाता रहा है. वह मुंबई में सरफराज खान और मुशीर खान के साथ भी क्रिकेट खेल चुकी हैं. उस समय वह पुरुष क्रिकेट का हिस्सा थीं. दोनों के साथ उनकी दोस्ती भी बताई जाती है. जेंडर ट्रांजिशन के बाद महिला क्रिकेट में उनकी भागीदारी को लेकर नियमों के कारण स्थिति बदल गई.
ऑस्ट्रेलिया में नियमों के तहत मिली मंजूरी
ऑस्ट्रेलिया में ट्रांसजेंडर और जेंडर-डाइवर्स खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट खेलने से जुड़े कुछ नियम हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, महिला क्रिकेट में खेलने के लिए टेस्टोस्टेरोन स्तर से जुड़ी तय शर्तों को पूरा करना होता है. सीरम टेस्टोस्टेरोन का स्तर 12 महीने की अवधि में 10 नैनोमोल्स प्रति लीटर से कम होना जरूरी मानदंडों में शामिल है.
इसे भी पढ़े- IND vs SL Weather: चौथे दिन बारिश फिर डालेगी खलल? जानें कब-कब बरसेंगे बादल और कितने ओवर का होगा खेल
BBL खेलने के लिए भी नियमों का पालन जरूरी
अनाया की नजर अगर आगे चलकर बिग बैश लीग यानी BBL पर रहती है, तो उन्हें उस स्तर के लिए लागू पात्रता नियमों को पूरा करना होगा. कम्युनिटी क्रिकेट में मिली मंजूरी को सीधे BBL या प्रोफेशनल क्रिकेट की मंजूरी नहीं माना जा सकता.

इंटरनेशनल महिला क्रिकेट में अब भी पाबंदी
दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का रास्ता फिलहाल आसान नहीं है. ICC की मौजूदा नीति के तहत पुरुष यौवन (male puberty) से गुजर चुके ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों को महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने की अनुमति नहीं है. ऐसे में ऑस्ट्रेलिया में कम्युनिटी क्रिकेट खेलने की मंजूरी अनाया के लिए अपने क्रिकेट करियर को जारी रखने का एक अहम मौका जरूर है. अनाया के लिए यह सिर्फ क्रिकेट खेलने की अनुमति नहीं, बल्कि उस खेल में वापसी की उम्मीद है जिसे उन्होंने लंबे समय से अपने जीवन का अहम हिस्सा माना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए