55 साल के बाद पाकिस्तान का दौरा कर सकती है भारतीय डेविस कप टीम
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 26 Jun 2019 10:47 PM
नयी दिल्ली : भारतीय डेविस कप टीम 55 साल के बाद पाकिस्तान का दौरा कर सकती है. अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) ने संकेत दिये कि केंद्र सरकार सितंबर में पड़ोसी देश में खेलने के लिये खिलाड़ियों को अनुमति दे सकती है. भारतीय डेविस कप टीम मार्च 1964 के बाद पाकिस्तान दौरे पर नहीं गयी. […]
नयी दिल्ली : भारतीय डेविस कप टीम 55 साल के बाद पाकिस्तान का दौरा कर सकती है. अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) ने संकेत दिये कि केंद्र सरकार सितंबर में पड़ोसी देश में खेलने के लिये खिलाड़ियों को अनुमति दे सकती है.
भारतीय डेविस कप टीम मार्च 1964 के बाद पाकिस्तान दौरे पर नहीं गयी. वह मुकाबला तब लाहौर में खेला गया था जिसे भारत ने 4-0 से जीता था. एआईटीए के महासचिव हिरणमय चटर्जी ने बुधवार को कहा, हमने सरकार को इस संबंध में पत्र लिखा है और उम्मीद है कि हम पाकिस्तान जाएंगे, हमें ऐसा लगता है.
उन्होंने कहा, यह द्विपक्षीय शृंखला नहीं है, यह विश्व कप जैसा है इसलिए सरकार को अनुमति देनी होगी. मुझे विश्वास है कि हम पाकिस्तान में जाकर खेलेंगे. पाकिस्तान महासंघ ने कहा है कि यह मुकाबला इस्लामाबाद में होगा.
इस एशिया ओसेनिया ग्रुप एक मुकाबले का विजेता विश्व ग्रुप क्वालीफायर में जाएगा. इन दोनों देशों के बीच आखिरी मुकाबला 2006 में मुंबई में खेला गया था जिसमें भारत ने 3-2 से जीत दर्ज की. वर्तमान में गैरखिलाड़ी कप्तान महेश भूपति उस टीम का हिस्सा थे. उस टीम में दिग्गज लिएंडर पेस, प्रकाश अमृतराज और रोहन बोपन्ना भी शामिल थे.
इससे पहले भारत और पाकिस्तान का मैच 1973 में मलेशिया में तटस्थ स्थल पर खेला गया था. इस बीच पाकिस्तान टेनिस महासंघ (पीटीएफ) के सलमी सैफुल्लाह ने कहा कि वे घसियाले कोर्ट पर इस मुकाबले की मेजबानी करेंगे.पीटीएफ अध्यक्ष ने कहा, भारत और पाकिस्तान के मुकाबले में काफी दिलचस्पी होती है और इसलिए हमें घसियाले कोर्ट पर होने वाले मुकाबले के सीधे प्रसारण से अच्छी कमाई की उम्मीद है जो कि टेनिस के लिये जरूरी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










