आखिर कैसे गॉल में श्रीलंका के खिलाफ सबसे सफल स्पिनर बने मानव सुथार? खुद बताई कामयाबी की वजह

Updated:
विज्ञापन

विकेट लेने के बाद सेलिब्रेट करती इंडियन टीम (फोटो—एक्स)

युवा भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में 4 विकेट लेकर सबको प्रभावित किया. उन्होंने बताया कि कैसे पिच और टीम की रणनीति ने उनकी सफलता में अहम भूमिका निभाई. यह प्रदर्शन उनके टेस्ट करियर का पहला 4 विकेट हॉल था.

विज्ञापन

Manav Suthar: श्रीलंका के खिलाफ गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारतीय टीम के युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया. विदेशी जमीन पर अपना पहला टेस्ट खेल रहे 24 वर्षीय सुथार ने श्रीलंका की पहली पारी में 21.4 ओवर में 76 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने मेजबान टीम को 284 रन पर समेट दिया और पहली पारी में 178 रन की बड़ी बढ़त हासिल की.

पिच ने दिया स्पिनरों का पूरा साथ

गॉल की पिच पर गेंद जैसे-जैसे पुरानी होती गई, स्पिनरों के लिए परिस्थितियां बेहतर होती गईं. मानव सुथार ने भी अपनी गेंदबाजी के बाद बताया कि उन्हें पूरे दिन पिच से मदद मिल रही थी. उनके मुताबिक दूसरे सत्र में भी गेंद घूम रही थी और तीसरे सत्र में भी टर्न मिल रहा था, जिससे स्पिनरों का काम आसान हुआ. सुथार के लिए यह प्रदर्शन इसलिए भी खास रहा, क्योंकि यह उनके टेस्ट करियर का पहला 4 विकेट हॉल था. उन्होंने श्रीलंका की पारी में दिनेश चांदीमल, लाहिरू उदारा, प्रभात जयसूर्या और लाहिरू कुमारा को अपना शिकार बनाया.

सुथार ने कहा कि गेंद के लगातार घूमने के कारण श्रीलंकाई बल्लेबाजों को कुछ गेंदों पर परेशानी हो रही थी. ऐसे में भारतीय गेंदबाजों का मुख्य फोकस विकेट हासिल करने और लगातार दबाव बनाए रखने पर था.

सुथार ने बताया क्या था टीम का प्लान

मानव सुथार के मुताबिक भारतीय गेंदबाजों ने पहले ही सत्र से अपनी रणनीति पर अमल करना शुरू कर दिया था. उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने दूसरे सत्र में अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन भारतीय टीम ने अपनी योजना में बदलाव नहीं किया और लगातार उसी लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करती रही. सुथार ने बताया कि टीम का प्लान बल्लेबाजों को स्टंप-टू-स्टंप गेंदबाजी करने का था. इसका मकसद बल्लेबाजों को लगातार खेलने के लिए मजबूर करना और गलती का इंतजार करना था. भारतीय गेंदबाजों ने इसी रणनीति पर टिके रहते हुए आखिरी सत्र में मिले मौकों का फायदा उठाया और श्रीलंका की पारी को समेट दिया.

Also Read: MSG के चैंपियन बनने के साथ खत्म हुआ द हंड्रेड का छठा सीजन, जानिए कौन रहा टॉप रन स्कोरर और लीडिंग विकेट-टेकर?

टर्न के मामले में सबसे आगे रहे सुथार

गॉल में सुथार की गेंदबाजी की खासियत सिर्फ विकेटों तक सीमित नहीं रही. गेंद को टर्न कराने के मामले में भी वह दोनों टीमों के स्पिनरों में सबसे प्रभावी रहे. पहली पारी में उन्होंने 4.5 डिग्री से ज्यादा टर्न कराने वाली 74 प्रतिशत गेंदें फेंकीं. वहीं, रवींद्र जडेजा की 58.2 प्रतिशत और कुलदीप यादव की 50 प्रतिशत गेंदों ने 4.5 डिग्री से ज्यादा टर्न लिया. श्रीलंका के केशारा नुवांता ने 60.4 प्रतिशत गेंदों पर इतना टर्न हासिल किया. आंकड़ों से साफ है कि गॉल की पिच पर सुथार ने गेंद को सबसे ज्यादा घुमाकर बल्लेबाजों के सामने मुश्किलें खड़ी कीं.

कप्तान गिल के भरोसे को किया सही साबित

मानव सुथार के प्रदर्शन में कप्तान शुभमन गिल के फैसले का भी अहम योगदान रहा. गिल ने पारी की शुरुआत में अनुभवी रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव से पहले सुथार को गेंद थमाई. युवा स्पिनर ने कप्तान के भरोसे को पूरी तरह सही साबित किया और शुरुआती विकेट निकालकर श्रीलंका पर दबाव बनाया. सुथार ने इससे पहले जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी. डेब्यू मैच में ही उन्होंने 6/33 की शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 7 विकेट चटकाए थे. अब श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट लेकर उन्होंने अपने छोटे से टेस्ट करियर में 11 विकेट पूरे कर लिए हैं.

Also Read: ओडिशा से साइकिल चलाकर रोहित शर्मा से मिलने पहुंचा फैन, हिटमैन बोले- ‘बाप रे बाप! इतनी दूर से आया है’


विज्ञापन
अभिजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola