हॉकी वर्ल्ड कप में भारत ने वेल्स को 3-1 से हराया, कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दागे दो गोल
भारतीय हॉकी टीम के प्लेयर्स (फोटो—एक्स)
भारतीय हॉकी टीम ने FIH मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप में वेल्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की है. कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल और संजय के एक गोल की बदौलत भारत ने 3-1 से मुकाबला अपने नाम किया. इस जीत से टीम ने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज किया है.
FIH Men's Hockey World Cup: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारतीय हॉकी टीम ने भी जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की. नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन में खेले गए पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में भारत ने वेल्स को 3-1 से हराया. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल दागे, जबकि संजय ने भी एक गोल कर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.
संजय ने दिलाई पहली बढ़त
मैच की शुरुआत में दोनों टीमों ने आक्रामक हॉकी खेलने की कोशिश की. भारत को 8वें मिनट में सफलता मिली, जब संजय ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. शुरुआती बढ़त मिलने के बाद भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा और टीम ने वेल्स पर दबाव बनाए रखा. इसके कुछ ही मिनट बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी. उन्होंने 11वें मिनट में यह गोल किया. इसके बाद वेल्स ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने कई हमलों को रोक दिया.
हरमनप्रीत ने फिर किया कमाल
तीसरे क्वार्टर में भारत ने अपनी बढ़त को और मजबूत किया. हरमनप्रीत सिंह ने 43वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया. इसके साथ ही उन्होंने अपना दूसरा गोल पूरा किया और भारत 3-0 से आगे हो गया. वेल्स ने आखिरी क्वार्टर में वापसी की कोशिश करते हुए 56वें मिनट में सैम वेल्श के जरिए एक गोल किया. हालांकि, इसके बाद भारतीय डिफेंस ने कोई और मौका नहीं दिया और मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर लिया.
जीत से की वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत
भारत के लिए यह टूर्नामेंट काफी महत्वपूर्ण है. हॉकी के इतिहास में भारत का गौरवशाली रिकॉर्ड रहा है, लेकिन वर्ल्ड कप में टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. भारत ने अब तक सिर्फ एक बार, 1975 में, हॉकी वर्ल्ड कप का खिताब जीता है. यही एकमात्र मौका था जब भारतीय टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल रही थी. इसके अलावा भारत सिर्फ तीन बार टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचा है. कप्तान हरमनप्रीत की अगुवाई में भारत ने तीन अंक हासिल कर अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत जीत से की है. अब टीम की कोशिश अगले मुकाबलों में भी इसी लय को बरकरार रखते हुए टूर्नामेंट में आगे बढ़ने की होगी.
Also Read: आखिरी ओवर में चाहिए थे 19 रन, बचा था केवल 1 विकेट... लास्ट बॉल पर यश गर्ग ने कर दिया कुछ ऐसा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए