IND vs SL DAY 1 HIGHLIGHT: पडिक्कल नाबाद, राहुल 77 रन पर हुए रिटायर्ड हर्ट, भारत ने पहले दिन गंवाए 2 विकेट
भारत बनाम श्रीलंका (फोटो—एक्स)
भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से शुरू हुआ है. भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. देवदत्त के शतक और केएल राहुल की अर्धशतक की बदौलत टीम इंडिया ने पहले दिन 288 रन बना दिए है. क्रीज पर ऋषभ पंत देवदत्त पडिक्कल का साथ दे रहें है. यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से बेहद अहम है.
पडिक्कल और पंत के बीच 50 रन की साझेदारी, भारत 288/2
पहले दिन का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया ने 2 विकेट के नुकसान पर 288 रन बना लिए हैं. देवदत्त पडिक्कल और ऋषभ पंत के बीच 67 गेंदों में 52 रनों की तेजतर्रार साझेदारी हो चुकी है. दोनों बल्लेबाजों ने पारी के इस चरण में तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए हैं. देवदत्त पडिक्कल 131 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं, जबकि ऋषभ पंत 27 रन पर नाबाद हैं. भारत ने पहले दिन के खेल में मजबूत स्थिति हासिल कर ली है और अब उसकी नजर दूसरे दिन बड़ा स्कोर करने पर होगी.
ऋषभ पंत ने 22 में से 18 रन बाउंड्री से बनाए
ऋषभ पंत ने क्रीज पर आते ही अपने आक्रामक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. पंत ने अब तक 22 रन बना लिए हैं, जिसमें 18 रन उन्होंने बाउंड्री के जरिए जुटाए हैं. उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 1 शानदार छक्का लगाया है. वहीं, देवदत्त पडिक्कल भी मजबूती से बल्लेबाजी कर रहे हैं और 122 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं. दोनों बल्लेबाजों के आक्रामक अंदाज से भारत तेजी से बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा है.
बारिश के बाद मैच फिर शुरू, पडिक्कल और पंत क्रीज पर
बारिश के कारण रुका हुआ गॉल टेस्ट का खेल एक बार फिर शुरू हो गया है. यह दूसरी बार है जब बारिश के चलते मुकाबला बाधित हुआ है. खेल दोबारा शुरू होने के बाद टीम इंडिया के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल और ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं. श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या गेंदबाजी करने के लिए तैयार हैं. भारत की नजर अब पारी को आगे बढ़ाने और मजबूत स्कोर खड़ा करने पर होगी.
बारिश के कारण खेल रुका, भारत का स्कोर 239/2
गॉल टेस्ट के पहले दिन एक बार फिर बारिश ने खेल में खलल डाल दिया है. अचानक बारिश शुरू होने के बाद ग्राउंड स्टाफ ने मैदान को कवर्स से ढक दिया और खिलाड़ी भी मैदान से बाहर चले गए. 63 ओवर के बाद भारत ने 2 विकेट के नुकसान पर 239 रन बना लिए हैं. देवदत्त पडिक्कल 107 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं, जबकि ऋषभ पंत 3 रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं. भारत की ओर से अब तक यशस्वी जायसवाल रन आउट हुए हैं, जबकि प्रभात जयसूर्या को एक सफलता मिली है.
भारत का गिरा दूसरा विकेट, 16 रन बनाकर आउट हुए गिल
भारत को 236 रन के स्कोर पर दूसरा झटका लगा है. कप्तान शुभमन गिल 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं. गिल के आउट होने के बाद ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए हैं. देवदत्त पडिक्कल एक छोर पर मजबूती से डटे हुए हैं और अपनी शतकीय पारी को आगे बढ़ा रहे हैं. टीम इंडिया अब बड़े स्कोर की ओर बढ़ना चाहेगी.
पडिक्कल का शानदार शतक, 134 गेंदों में जड़ा पहला टेस्ट सेंचुरी
देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 134 गेंदों में अपना पहला टेस्ट शतक पूरा कर लिया है. उन्होंने अपनी सेंचुरी पारी में 9 चौके और 1 छक्का लगाया. 57 ओवर के बाद भारत का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 219 रन है. पडिक्कल ने केशरा नुवांथा की गेंद पर 1 रन लेकर अपना शतक पूरा किया. इसके बाद उन्होंने हेलमेट उतारकर बल्ला उठाकर दर्शकों और टीम के साथियों का अभिवादन किया. साई सुदर्शन की जगह टीम में आए पडिक्कल ने इस पारी से नंबर-3 स्थान के लिए मजबूत दावेदारी पेश की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए