51 साल बाद वर्ल्ड कप जीतने के लिए तैयार है टीम इंडिया, हरमनप्रीत सिंह बोले-खुद को साबित करने का अच्छा मौका
हरमनप्रीत सिंह (फोटो—ANI)
भारतीय पुरुष हॉकी टीम 51 साल के सूखे को खत्म करने के लिए FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में उतरने जा रही है. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने खिताब जीतने का लक्ष्य रखा है और टीम अंडरडॉग के तौर पर खुद को साबित करने के लिए तैयार है.
Harmanpreet Singh: भारतीय पुरुष हॉकी टीम 51 साल से चले आ रहे वर्ल्ड कप खिताब के सूखे को खत्म करने के इरादे से मैदान में उतरने जा रही है. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा है कि टीम का लक्ष्य सिर्फ अच्छा प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि खिताब जीतकर ट्रॉफी भारत लाना है. FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 15 अगस्त से बेल्जियम और नीदरलैंड्स में हो रही है.
'हमें अंडरडॉग के तौर पर देखा जा रहा'
JioStar से बातचीत में हरमनप्रीत ने कहा कि भारत को अंडरडॉग माना जा रहा है और टीम इस स्थिति को खुद को साबित करने के मौके के रूप में देख रही है. उन्होंने कहा कि टीम एक-दूसरे पर भरोसा करती है और सकारात्मक सोच के साथ टूर्नामेंट में उतरेगी.
कप्तान ने कहा, 'हम यहां अंडरडॉग के तौर पर हैं. हम सभी को दिखाना चाहते हैं कि भारत क्या कर सकता है. उम्मीद है कि हम ट्रॉफी घर लाएंगे.'
डिफेंस पर सबसे ज्यादा जोर
हरमनप्रीत के मुताबिक भारत की पहली प्राथमिकता मजबूत डिफेंस होगी. उन्होंने बताया कि टीम ने फुल प्रेस, हाफ-कोर्ट और लो प्रेस जैसी अलग-अलग डिफेंस रणनीतियों पर काफी काम किया है. उन्होंने कहा कि अगर भारत पूरे टूर्नामेंट में अच्छी तरह डिफेंड करता है तो टीम अपने लक्ष्य के काफी करीब पहुंच सकती है. साथ ही विपक्षी टीम के सर्कल में मिले मौकों को गोल या पेनल्टी कॉर्नर में बदलना भी बेहद अहम होगा.
Also Read: आजादी के जश्न के बीच भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर जीती थी वनडे सीरीज, कोहली ने जड़ा था 43वां शतक
1975 के बाद फिर खिताब की तलाश
भारत ने आखिरी बार 1975 में हॉकी वर्ल्ड कप जीता था. इसके बाद से टीम इस प्रतिष्ठित खिताब का इंतजार कर रही है. 2023 के पिछले वर्ल्ड कप में भारत नौवें स्थान पर रहा था. भारत को 2026 वर्ल्ड कप के पूल डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है. टीम 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अभियान शुरू करेगी, इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को पाकिस्तान से भिड़ेगी.
ओलंपिक पदकों से बढ़ा आत्मविश्वास
हरमनप्रीत ने टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में लगातार कांस्य पदक जीतने को टीम के लिए बड़ी प्रेरणा बताया. भारत ने हाल के वर्षों में एशिया कप और एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भी शानदार प्रदर्शन किया है. अब कप्तान हरमनप्रीत और उनकी टीम के सामने 1975 की गौरवशाली यादों को दोहराने की चुनौती है. टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन भी मानते हैं कि भारत के पास अनुभव और युवा जोश का शानदार मिश्रण है. ऐसे में टीम इंडिया से भी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है.
Also Read: AUS vs BAN: 426 रन पर सिमटी बांग्लादेश की पहली पारी, तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक कंगारू 161/4
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









