IND vs PAK: भारत-पाक का मैच क्यों बन जाता जंग का मैदान? हरमनप्रीत कौर ने खोला राज
हरमनप्रीत कौर और फातिमा सना (फोटो- सोशल मीडिया)
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने स्वीकार किया है कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच का दबाव किसी अन्य मुकाबले जैसा नहीं होता. उन्होंने एशिया कप में होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले अपने विचार शेयर किए.
Harmanpreet Kaur Statement: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला हमेशा हाई-वोल्टेज माना जाता है. महिला क्रिकेट में भी दोनों टीमों की भिड़ंत का दबाव खिलाड़ियों पर साफ नजर आता है. भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी माना है कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले का दबाव किसी दूसरे मैच जैसा नहीं होता.
भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें आगामी एशिया कप में 5 सितंबर को आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला ग्रुप ए में खेला जाएगा. इस मैच से पहले हरमनप्रीत ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले में खिलाड़ियों को कई तरह की चीजों से निपटना पड़ता है.
'भारत-पाक मैच जैसा दबाव कहीं और महसूस नहीं होता'
हरमनप्रीत कौर ने सोनी स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, “इसमें कोई शक नहीं कि यह हाई-प्रेशर गेम है और एक खिलाड़ी के तौर पर आपको कई चीजों से निपटना पड़ता है. हम लगातार इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन भारत-पाकिस्तान मैच में जिस तरह का दबाव होता है, वैसा दबाव आपको कहीं और महसूस नहीं होता.”
भारतीय कप्तान के मुताबिक इस मुकाबले को लेकर सिर्फ क्रिकेट फैंस ही नहीं, बल्कि देश का हर व्यक्ति उत्साहित रहता है. उन्होंने कहा कि एक कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर उनकी कोशिश चीजों को सरल रखने की होती है.
हरमनप्रीत ने कहा, “हम जानते हैं कि हर भारतीय यह मैच देख रहा होगा. सिर्फ क्रिकेट फैंस ही नहीं, बल्कि हर भारतीय की नजर इस मैच पर होगी, क्योंकि यह मुकाबला हम सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. एक कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर मैं चीजों को बहुत सरल और आसान रखने की कोशिश करती हूं.”
ये भी पढ़ें: IND vs SL: यशस्वी-फर्नांडो के बाद जयसूर्या पर भी ICC का एक्शन, कोलंबो टेस्ट में तीसरे खिलाड़ी मिली को सजा
एशियन गेम्स में मेडल जीतना अलग अनुभव
हरमनप्रीत ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने को भी खिलाड़ियों के लिए बेहद खास बताया. उन्होंने कहा कि क्रिकेटरों के लिए यह ICC टूर्नामेंट से अलग अनुभव होगा. भारतीय कप्तान के मुताबिक इससे पहले टीम ICC टूर्नामेंट में ट्रॉफी जीतने के लिए खेलती रही है, लेकिन एशियन गेम्स में खिलाड़ियों के पास व्यक्तिगत मेडल जीतने का मौका होगा.
उन्होंने कहा, “एक क्रिकेटर के तौर पर मुझे लगता है कि यह बहुत बड़ा मौका है. इससे पहले हमने ज्यादातर ICC टूर्नामेंट खेले हैं, लेकिन वहां हमने मेडल के लिए मुकाबला नहीं किया. एक टीम के तौर पर हमने किसी खास ट्रॉफी के लिए लड़ाई लड़ी है. यह ऐसा मौका है जहां आपको अपना मेडल मिलता है. जब मेडल की बात आती है तो मोटिवेशन और भी बढ़ जाता है. हम दिन-रात सोचते रहते हैं कि मेडल जीतने के बाद हमें कैसा महसूस होगा और हम किस तरह जश्न मनाएंगे.”
5 सितंबर को होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला
भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच एशिया कप का यह मुकाबला 5 सितंबर को खेला जाएगा. इससे पहले दोनों टीमें इस साल टी20 विश्व कप में भी ग्रुप चरण में भिड़ चुकी हैं. ऐसे में एशिया कप का यह मुकाबला एक बार फिर दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच हाई-वोल्टेज टक्कर होने वाला है.
ये भी पढ़ें: सिर्फ 33 रन दूर थे ब्रायन लारा के 400 रन के रिकॉर्ड से, फिर क्यों रुक गए वियान मुल्डर? खुद बताई थी वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए