भारत बनाम अफगानिस्तान: भारत ने अफगानिस्तान को 47 रन से हराया, चमके बुमराह और अर्शदीप
Team India
IND vs AFG T20: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर 8 के पहले मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 47 रनों से हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक के दम पर 181 रन बनाए. जवाब में अफगानिस्तान की पूरी टीम 134 रन पर सिमट गई.
भारत ने अफगानिस्तान को 47 रनों से रौंदा
सुपर 8 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने सभी विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 47 रनों से हरा दिया है. इस जीत के साथ भारत अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच गया है. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सूर्यकुमार यादव के 53 रन और हार्दिक पांड्या के 32 रन की बदौलत 181 का स्कोर बनाया. जवाब में अफगानिस्तान की टीम 134 के स्कोर पर ढेर हो गई. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने 3-3 विकेट चटकाए.
अर्शदीप ने चटकाए लगातार 2 विकेट, भारत जीत से 1 विकेट दूर
भारत अब अफगानिस्तान पर जीत से एक विकेट दूर है. अर्शदीप सिंह ने अपने ओवर में दो लगातार गेंद पर दो बल्लेबाजों को आउट किया. पहले उन्होंने राशिद खान को जडेजा के हाथों कैच कराया और अगली ही गेंद पर नवीन उल हक को पंत के हाथों कैच करा दिया. मैच पूरी तरह भारत के पाले में है.
बुमराह के तूफान में उड़ा अफगानिस्तान
जसप्रीम बुमराह के तूफान को अफगानिस्तान के बल्लेबाज संभाल नहीं पा रहे हैं. बुमराह को तीसरी सफलता मिली है. बुमराह ने दूसरे स्पैल में नजीबुल्लाह जादरान को पवेलियन का रास्ता दिखाया और अफगानिस्तान को छठा झटका दिया. उसके बाद कुलदीप यादव ने मोहम्मद नबी को आउट कर दिया. अफगानिस्तान ने अपने 7 विकेट गंवा दिए हैं.
अफगानिस्तान को बैक टू बैक दो झटके
अफगानिस्तान को बैक टू बैक दो झटके लगे हैं. कुलदीप यादव ने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर गुलबदीन को आउट कर दिया. उन्होंने गेंद को काफी ऊंचा मारा और ऋषभ पंत ने कोई गलती नहीं की. 12वां ओवर फेंकने रवींद्र जडेजा आए. उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर अजमतुल्लाह को अक्षर पटेल के हाथों कैच करा दिया. 71 के स्कोर पर अफगानिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई है.
अफगानिस्तान के 3 बल्लेबाज आउट
अफगानिस्तान को पावर प्ले में 3 झटके लगे. इनमें दोनों सलामी बल्लेबाजों को स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पवेलियन का रास्ता दिखाया. उन्होंने अपने स्पैल के पहले ही ओवर में रहमनुल्लाह गुरबाज को पंत के हाथों कैच कराया. उसके बाद अक्षर पटेल ने दूसरा झटका इब्राहिम जादरान को आउट कर दिया. फिर बुमराह ने अगले ही ओवर में हजरतुल्लाह जजई को रवींद्र जडेजा के हाथों कैच करा दिया. पावर प्ले में अफगानिस्तान ने 35 रन बनाए.
भारत ने अफगानिस्तान को दिया 182 रनों का लक्ष्य
सूर्यकुमार यादव के 53 रन की तेज पारी और हार्दिक पांड्या के 32 रनों के दम पर भारत ने अफगानिस्तान को पहले बल्लेबाजी करते हुए 182 रनों का लक्ष्य दिया है. अफगानिस्तान की ओर से राशिद खान और फजलहक फारूखी ने तीन-तीन विकेट चटकाए. एक सफलता नवीन उल हक को मिली.
लेखक के बारे में
By अमलेश नंदन सिन्हा
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए