ePaper

T20 World Cup 2026: पाकिस्तान नहीं खेलेगा तो भी टीम इंडिया को जाना होगा श्रीलंका, वरना हो जाएगा नुकसान

Updated at : 03 Feb 2026 12:36 PM (IST)
विज्ञापन
T20 World Cup 2026: IND vs PAK Match Boycott

भारत बनाम पाकिस्तान

T20 World Cup 2026: पाकिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट किया है. लेकिन अगर टीम इंडिया को जीत के पूरे 2 पॉइंट चाहिए तो उन्हें श्रीलंका जाना ही होगा. जानिए क्यों सूर्यकुमार यादव का टॉस के लिए मैदान पर होना जरूरी है और नियम क्या कहते हैं.

विज्ञापन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच होने वाले मैच पर संकट के बादल छाए हुए हैं. पाकिस्तान ने 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले इस मैच के बॉयकॉट का ऐलान कर दिया है. फैंस निराश हैं कि क्या यह मैच होगा या नहीं. लेकिन इन सबके बीच एक बड़ा सवाल यह है कि जब पाकिस्तान मैच खेलेगा ही नहीं, तो क्या भारतीय टीम को श्रीलंका जाना चाहिए. इसका सीधा जवाब है- हां. भारत को कोलंबो जाना ही होगा. अगर टीम इंडिया वहां नहीं जाती है तो उसे बिना खेले ही नुकसान उठाना पड़ सकता है. आइए समझते हैं कि नियमों का यह पूरा गणित क्या कहता है.

पूरे 2 पॉइंट चाहिए तो मैदान पर जाना जरूरी

अगर पाकिस्तान अपनी जिद पर अड़ा रहता है और मैच खेलने नहीं आता है, तो ICC के नियमों के मुताबिक उसे हारा हुआ माना जाएगा. लेकिन भारत को जीत के पूरे 2 पॉइंट तभी मिलेंगे जब टीम इंडिया मैदान पर मौजूद हो. नियम कहता है कि विरोधी टीम आए या ना आए, आपको तय समय पर वेन्यू पर रिपोर्ट करना होता है. इसलिए भारत को श्रीलंका की फ्लाइट पकड़नी ही होगी.

टॉस के लिए कप्तान सूर्या का होना जरूरी

क्रिकेट का नियम एकदम साफ है. मैच रेफरी विजेता घोषित करने से पहले यह देखेगा कि क्या दूसरी टीम खेलने के लिए तैयार है. इसके लिए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को टॉस के समय मैदान पर अपनी जर्सी पहनकर मौजूद रहना होगा. अगर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा वहां नहीं आते हैं, तो मैच रेफरी भारत को विजेता घोषित कर देगा और भारत के खाते में पूरे 2 अंक जुड़ जाएंगे.

अगर भारत नहीं गया तो क्या होगा

अब मान लीजिए कि यह जानते हुए कि मैच नहीं होगा, टीम इंडिया भी श्रीलंका नहीं जाती है. ऐसे में मामला फंस जाएगा. अगर दोनों ही टीमें मैदान पर नहीं पहुंचती हैं, तो मैच रेफरी मैच को रद्द मानकर दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट बांट देगा. भारत कतई नहीं चाहेगा कि उसे फ्री के 2 पॉइंट की जगह सिर्फ 1 पॉइंट से संतोष करना पड़े. इसलिए भारतीय टीम कोलंबो जाएगी और प्रैक्टिस भी करेगी.

ICC और पाकिस्तान के बीच क्या चल रहा है?

फिलहाल ICC ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से कहा है कि वे अपने फैसले पर दोबारा सोचें. ICC का मानना है कि मैच का बॉयकॉट करना खेल भावना के खिलाफ है. अभी तक किसी सजा का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों की मानें तो अगर पाकिस्तान नहीं माना तो उस पर कड़ा एक्शन लिया जा सकता है. इससे पाकिस्तान क्रिकेट की इमेज को भी धक्का लगेगा.

पाकिस्तान को हो सकता है भारी नुकसान

सिर्फ मैच हारने की बात नहीं है, बात नेट रन रेट की भी है. अगर पाकिस्तान मैच का बॉयकॉट करता है, तो उसका नेट रन रेट बहुत ज्यादा गिर जाएगा. इसका असर पूरे टूर्नामेंट में दिखेगा और हो सकता है कि पाकिस्तान सेमीफाइनल की दौड़ से ही बाहर हो जाए. अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि क्या पाकिस्तान आखिरी समय में यू-टर्न लेता है या अपनी जिद पर कायम रहता है.

ये भी पढ़ें-

30 लाख कमाना चाहता… रांची में रहने के लिए धोनी को लेकर पूर्व क्रिकेटर का बड़ा खुलासा

T20 World Cup 2026: भारत से भिड़ने से डरा पाकिस्तान? हरभजन सिंह ने खोली पोल

T20 World Cup: IND vs PAK मैच न होने पर हो सकता है 2200 करोड़ रुपये का नुकसान, PCB पर गिरेगी गाज?

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola